जनजातीय अंचलों में विकास और अधिकारिता का महाअभियान “जन भागीदारी सप्ताह” 25 मई तक आयोजित

ग्राम-ग्राम पहुंचेगा प्रशासन, शिविरों में मिलेगा योजनाओं का लाभ एवं त्वरित समाधान
==
जनजातीय समुदायों के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक सशक्तिकरण को गति देने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से दमोह जिले में 18 मई से 25 मई 2026 तक जन भागीदारी सप्ताह का व्यापक आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान जिले के पीएम जनमन एवं अन्य चिन्हित जनजातीय ग्रामों में विशेष रूप से संचालित किया जाएगा।
अभियान के संबंध में अधिकारियो से कहा शासन की मंशानुसार सभी संबंधित विभाग कार्यवाही सुनिश्चित करें।
प्रतिदिन लगेंगे संतृप्ति एवं स्वास्थ्य शिविर
19 मई से 25 मई तक ग्राम स्तर पर प्रतिदिन संतृप्ति शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एवं जनसेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही सिकल सेल एनीमिया जांच, आयुष्मान कार्ड, पोषण परामर्श, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं तथा दस्तावेज सत्यापन जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएगी।
“ग्राम सहभागिता अभियान” के तहत अधिकारी करेंगे ग्राम भ्रमण
20 मई को “ग्राम सहभागिता अभियान एक ग्राम संपर्क गतिविधि आयोजित होगी, जिसके अंतर्गत अधिकारी, आदि कर्मयोगी एवं गैर-सरकारी संगठन (NGOs) ग्रामों का भ्रमण कर आमजन से संवाद स्थापित करेंगे। इस दौरान ग्रामों की आधारभूत सुविधाओं, विकास कार्यों एवं योजनाओं की जमीनी स्थिति का अवलोकन किया जाएगा। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
21 से 23 मई तक विशेष जन सुनवाई
21 मई से 23 मई तक एएसके (ASKs) के माध्यम से प्रतिदिन विशेष जन सुनवाई आयोजित की जाएगी। इन जन सुनवाई कार्यक्रमों में वन अधिकार अधिनियम (FRA), आवास, पेयजल, बिजली, सड़क, पेंशन, स्वास्थ्य, राशन एवं अन्य जनममस्याओं से संबंधित प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया जाएगा।
24 मई को होगा प्रलेखन एवं प्रगति मूल्यांकन
24 मई को अभियान के दौरान प्राप्त उपलब्धियों, शिकायतों एवं निराकृत मामलों का प्रलेखन किया जाएगा। इसमें चुनी गई समस्याओं, निराकृत प्रकरणों, लंबित मामलों, संबंधित अधिकारियों एवं आगामी कार्रवाई का विस्तृत प्रगति प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा।
25 मई को समीक्षा बैठक
अभियान के समापन अवसर पर 25 मई को जिला कलेक्टर, पीओ-आईटीडीए एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में समीक्षा बैठक आयोजित होगी। इस दौरान अभियान की उपलब्धियों, चुनौतियों एवं आगामी कार्ययोजना पर नर्चा की जाएगी। साथ ही अभियान की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी साझा की जाएगी।
अनेक विभाग मिलकर करेंगे कार्य
अभियान में जनजातीय कार्य विभाग, ग्रामीण विकाग विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, ऊर्जा विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य पालन विभाग, आयुप विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, दूरसंचार विभाग, पर्यटन विभाग एवं वन विभाग सहित विभिन्न विभाग सहभागिता करेंगे।
अभियान के दौरान प्रधानमंत्री जनमन योजना, पीएम आवास योजना (ग्रामीण), जल जीवन मिशन, ग्रामीण विद्युतीकरण, समग्र शिक्षा अभियान, पोपण अभियान, वन अधिकार अधिनियम, कृषि यंत्रीकरण, कौशल प्रशिक्षण, सौर ऊर्जा सुविधाएं, मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी एवं स्वरोजगार योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाएगा।
[metaslider id="122"]