सिद्धक्षेत्र कुण्डलपुर में 26 जुलाई को निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर जी महाराज ससंघ की होगी ऐतिहासिक भव्य मंगल अगवानी

कुण्डलपुर दमोह। सुप्रसिद्ध सिद्धक्षेत्र कुण्डलपुर में इस वर्ष 2026 का चातुर्मास ऐतिहासिक होगा। पूज्य बड़े बाबा के श्री चरणों में विश्व वंदनीय समाधि सम्राट संत शिरोमणि आचार्य गुरुवर विद्यासागर जी महाराज एवं विद्या शिरोमणि प.पू.आचार्य श्री समयसागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद से संयम ,समता और आत्म जागरण का दिव्य संदेश देने वाले महान् संत सरल व्यक्तित्व के धनी परम पूज्य निर्यापक श्रमण मुनि श्री समता सागर जी महाराज ससंघ (4पिच्छी) एवं परम पूज्य ऐलक श्री चैत्यसागर जी महाराज (6 पिच्छी) का भव्य मंगल चातुर्मास होने जा रहा है। प्रचार मंत्री जयकुमार जैन जलज ने बताया कि प.पू. ऐलक श्री चैत्यसागर जी महाराज ससंघ(6 पिच्छी) का मंगल आगमन कुण्डलपुर में 19 जुलाई को हो चुका है जोअब 26 जुलाई रविवार को दोपहर में पूज्य निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर जी महाराज ससंघ की भव्य मंगल अगवानी करेंगे। भव्य मंगल अगवानी हेतु कुण्डलपुर क्षेत्र कमेटी के अध्यक्ष चंद्रकुमार जैन सराफ के नेतृत्व में चातुर्मास समिति के संयोजक इजी. आरके जैन सहसंयोजक पदमचंद जैन खली वाले एवं चातुर्मास समिति के सभी प्रभारी,कुण्डलपुर क्षेत्र कमेटी के सभी पदाधिकारी सदस्य, मुनि सेवा समिति के सदस्य दमोह जिला के सभी पूज्य बड़े बाबा, छोटे बाबा के परम भक्त, कुण्डलपुर स्टाफ सभी श्रद्धालु भक्त निर्यापक मुनि संघ की भव्य अगवानी हेतु जोर-जोर से तैयारी में जुटे हुए हैं। अगवानी प्रभारी मनोज जैन मीनू ने अपनी टीम (दिलेश चौधरी, सवन सिल्वर,रिंकू घाट पिपरिया ,मुकेश ठेकेदार आदि) के साथ जानकारी दी कि इस भव्य आयोजन में धार्मिक आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक वैभव का अद्भुत संगम दिखेगा ।भव्य अगवानी शोभायात्रा के प्रमुख आकर्षण होंगे ग्राम मुड़िया का आकर्षक कलाबाजी दिखाता विशेष बैंड दल, 8 अश्वों पर ध्वज लिए वीरांगना बहनों की भव्य प्रस्तुति, 11 भव्य बग्गिया, दमोह की प्रसिद्ध रमतूला टीम ,आकर्षक डीजे रथ, 51 धर्म ध्वजों की टोली, विशेष डीजे, पटेरा ,हटा महिला एवं बालिका मंडल ,सागर ढिमरयाई दल, दलदल घोड़ी, पटेरा ग्वाला टीम , पुष्प वर्षा करता विशेष डीजे रथ, दमोह जिला के विभिन्न नगर ग्रामों से महिला मंडलों की सहभागिता ,दमोह नगर के विभिन्न जिनालयों से महिला मंडलों की आकर्षक प्रस्तुति सहित सहभागिता, गौरझामर दिव्य घोष दल,अखाड़ा,देवरी दिव्य घोष देश के विभिन्न अंचलों से आए श्रद्धालु भक्त गण सहित अनेक आकर्षक प्रस्तुति के साथ सहभागी दल जुड़ने की संभावना है।

