जनगणना 2027: बिजनौर में स्व गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया का हुआ शुभारंभ,
जनप्रतिनिधियों ने भी की सहभागिता
बिजनौर: जिले में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का कार्य आधिकारिक रूप से शुरू हो गया है। कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह ने फीता काटकर इस अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।

* समयसीमा: स्व गणना का यह कार्य 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल se.census.gov.in पर किया जाएगा। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे।
* जनप्रतिनिधियों की अपील: धामपुर विधायक अशोक राणा, नगीना विधायक मनोज पारस और विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अशोक कटारिया ने भी स्वयं अपनी स्व गणना प्रक्रिया पूरी कर जनता से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।

स्व गणना पूरी करने के बाद मिलने वाली जनगणना आईडी (एसईआईडी) को सुरक्षित रखना अनिवार्य है। 1 दिसंबर के बाद जब प्रगणक घर पहुंचें, तो सत्यापन के लिए यह आईडी अवश्य दिखाएं।
पोर्टल पर परिवार के मुखिया समेत सभी सदस्यों के लिए 40 प्रकार के प्रश्न (नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, मातृभाषा आदि) भरने होंगे। बिजनौर की वर्तमान अनुमानित जनसंख्या 43 लाख 56 हजार 35 है।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने सभी जनपदवासियों से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर सही और पूर्ण जानकारी भरकर इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान को सफल बनाएं। किसी भी सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 18001801855 पर संपर्क किया जा सकता है।
