निकुंज कामरा के भजनों पर झूमे श्रद्धालु, आधी रात तक गूंजे राधे-राधे

[metaslider id="122"]

फूलों से सजे राधा-कृष्ण के दरबार में गूंजे भजन, आधी रात तक झूमे श्रद्धालु

राधा-रानी संकीर्तन में भजन गायिका निकुंज कामरा ने बांधा समां, भक्ति रस में डूबा अग्रवाल ट्रस्ट परिसर

ब्यावर ।श्री गंगानगर में हनुमानगढ़ रोड स्थित अग्रवाल ट्रस्ट परिसर में शनिवार रात आयोजित राधा-रानी संकीर्तन भजन संध्या में भक्ति, संगीत और आध्यात्मिक उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। श्री राधा गोविंद सेवा फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस संकीर्तन में सैकड़ों श्रद्धालु राधा-कृष्ण की भक्ति में भाव-विभोर नजर आए। कुछ घंटों के लिए पूरा परिसर वृंदावन की भक्ति और आध्यात्मिक अनुभूति से सराबोर हो उठा।

कार्यक्रम के लिए मंच को देश-विदेश से मंगवाए गए रंग-बिरंगे फूलों, आकर्षक मालाओं और गुलदस्तों से भव्य रूप से सजाया गया था। फूलों से सजा मंच श्री राधा-कृष्ण के दिव्य दरबार का आभास करा रहा था। सजावट की सुंदरता और भक्तिमय वातावरण ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। संकीर्तन की शुरुआत के साथ ही पूरा परिसर राधे-राधे के जयकारों और भजनों की मधुर स्वर लहरियों से गूंज उठा।

भजन संध्या का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध भजन गायिका निकुंज कामरा रहीं। उन्होंने अपनी मधुर आवाज में ‘श्यामा आन बसो वृंदावन में…’ सहित राधा-कृष्ण की भक्ति से ओतप्रोत अनेक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कराई। कोई आंखें बंद कर भक्ति में लीन नजर आया तो कोई भजनों की धुन पर झूमता दिखाई दिया। कई श्रद्धालु भावुक भी हो उठे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अग्रवाल सदन के अध्यक्ष एवं भारतीय चैरिटेबल ट्रस्ट के मैनेजिंग सेक्रेटरी अजय गुप्ता ने भी भक्ति संगीत में सहभागिता निभाई। उन्होंने राधा-कृष्ण के चरित्र पर आधारित श्लोकों और भजनों की प्रस्तुति देकर आयोजन की आध्यात्मिक गरिमा को और बढ़ाया। उनकी प्रस्तुति को भी श्रद्धालुओं ने सराहा।

आधी रात के बाद तक चले इस आयोजन में श्रीगंगानगर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

राधा गोविंद सेवा फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेणु अग्रवाल ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय सलाहकार डॉ. पीसी आचार्य, प्रदेशाध्यक्ष डॉ. देवकरण जुनेजा, जिलाध्यक्ष अंकित मित्तल, गीतांजलि गोयल, आत्माराम, सुनीता आचार्य, सुरजीत कौर, तमन्ना मित्तल, रितु, पायल, सीमा, सुनीता, मंजू जैन, विश्व मानवाधिकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल गौतम, गुरविंदर सिंह, रमन वर्मा, रजनी चौधरी, गौरव गर्ग, सरोज अग्रवाल एवं सतवीर सेवटा सहित अनेक सदस्यों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

[metaslider id="122"]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights