‘जनभागीदारी – सबसे दूर सबसे पहले’ अभियान के तहत भानपुर केकड़िया में लगेंगे हितग्राही शिविर

कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने दिए मैदानी संपर्क, स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं की संतृप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश
समय-सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक संपन्न
कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में समय-सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने पीएम जनमन एवं धरती आबा योजना के अंतर्गत भोपाल जिले के भानपुर केकड़िया ग्राम में राष्ट्रव्यापी अभियान “जनभागीदारी – सबसे दूर सबसे पहले” के तहत 18 मई से 25 मई तक जनजातीय समुदायों के लिए विशेष हितग्राही शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान मैदानी संपर्क, योजनाओं की पूर्ण संतृप्ति एवं स्वास्थ्य विस्तार सेवाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने ई-विकास प्रणाली पोर्टल के माध्यम से उर्वरक वितरण हेतु कृषकों की फॉर्मर आईडी बनाने के लिए 15 मई से 30 मई तक आयोजित शिविरों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि कार्य में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों को कारण बताओ सूचना-पत्र जारी किए जाएंगे।
बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी विभागों को शासन के ई-कार्यालय सिस्टम के माध्यम से ही कार्य संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधूरी नस्तियों का संचालन न किया जाए तथा सभी संचिकाएं ई-ऑफिस के माध्यम से ही अग्रेषित की जाएं। उन्होंने इसे शासन की महत्वपूर्ण पहल बताते हुए प्रत्येक सप्ताह प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने 18 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों आधार सत्यापन एवं 100 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष शिविर आयोजित कर कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति एवं पोर्टल पर अद्यतन जानकारी दर्ज करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में जिला विकास सलाहकार समिति की आगामी बैठक के परिप्रेक्ष्य में कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी विभागों को अपनी समस्याएं, भावी कार्ययोजनाएं एवं जिले से संबंधित सामान्य जानकारी व्यवस्थित रूप से तैयार कर जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को साप्ताहिक समीक्षा बैठक में प्रगति प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को विस्फोटक एवं पटाखा प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करने, मासिक प्रतिवेदन तैयार करने तथा अनुज्ञप्तिधारियों एवं अनधिकृत व्यक्तियों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#भोपाल#bhopal
