दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, पोखरे में डूबा मासूम

[metaslider id="122"]

दीपावली की खुशियों में पसरा मातम, पोखरे में डूबकर इकलौते बेटे की मौत

पांच वर्षीय अभिराज की मौत से बैजूडेहरा गांव में पसरा सन्नाटा, बेटे को खोकर बदहवास हुए माता-पिता

महराजगंज। दीपावली की शाम जहां चारों ओर खुशियों के दीप जल रहे थे, वहीं पनियरा थाना क्षेत्र के बैजूडेहरा गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। पोखरे में डूबने से पांच वर्षीय मासूम अभिराज सहानी की मौत हो गई। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इस हृदयविदारक घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार को दीपावली की शाम करीब पांच बजे सुनील का पांच वर्षीय बेटा अभिराज अचानक घर से लापता हो गया। काफी देर तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने आसपास के इलाकों और गांव में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिला।

इसी बीच देर रात तलाश करते हुए परिजन गांव के पोखरे के पास पहुंचे। वहां पानी की सतह पर अभिराज का एक जूता तैरता दिखाई दिया। यह देखते ही परिजनों के होश उड़ गए। अनहोनी की आशंका में ग्रामीणों ने पोखरे में उतरकर तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद मासूम को पानी से बाहर निकाला गया।

आनन-फानन में परिजन उसे पनियरा अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

 

अभिराज अपने माता-पिता का इकलौता सहारा था। पिता सुनील बाहर रहकर पेंट-पॉलिश का काम करते हैं और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से मां रचना और पिता सुनील का रो-रोकर बुरा हाल है।

[metaslider id="122"]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights