चित्रकूट: यूपी के चित्रकूट जिले में कौमी एकता की एक अद्भुत मिसाल

[metaslider id="122"]

चित्रकूट: यूपी के चित्रकूट जिले में कौमी एकता की एक अद्भुत मिसाल सामने आई है। मऊ तहसील की सोनारी गली में पिछले 46 वर्षों से खुले में रखे शिवलिंग मंदिर का विवाद सोमवार को हिंदू और मुस्लिम पक्षों की सहमति से सुलझ गया। अब वहां भव्य मंदिर का निर्माण कराया जाएगा।

मऊ तहसील मुख्यालय की सोनारी गली में करीब 46 वर्षों से खुले में रखे शिवलिंग को अब मंदिर में स्थापित किया जाएगा। सोमवार को मलमास के पवित्र माह में हिंदू और मुस्लिम पक्ष के बीच प्रशासन की मौजूदगी में हुए समझौते के बाद लंबे समय से चला आ रहा विवाद शांतिपूर्ण तरीके से सुलझ गया। दोनों पक्षों की सहमति से तय हुआ कि शिवलिंग के लिए चार-चार फीट लंबाई और चौड़ाई की जगह छोड़ी जाएगी, जहां हिंदू पक्ष मंदिर का निर्माण कराएगा।

सोनारी गली निवासी हसनैन और मन्ने खां ने बताया कि उन्होंने वर्ष 1980 में यह जमीन खरीदी थी। जमीन के जिस हिस्से में शिवलिंग रखे हैं, वह भी उनके खरीदे गए भूभाग में शामिल है। कई बार उन्होंने लोगों से शिवलिंग हटाने का अनुरोध किया, लेकिन मामला सुलझ नहीं सका। उधर हिंदू पक्ष के अमरीश सोनी, छोटू और शुभम ने बताया कि मोहल्ले में पहले से मंदिर निर्माण की बात तय थी, लेकिन जमीन बिकने के बाद निर्माण रुक गया था।

शनिवार को मुस्लिम पक्ष ने मकान निर्माण का काम शुरू कराया था। सोमवार को नींव और दीवार का कार्य शुरू होने की सूचना पर हिंदू पक्ष ने आपत्ति जताई। मामला बढ़ने की आशंका पर थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार पारुल सिंह, लेखपाल और कानूनगो ने भी पहुंचकर दोनों पक्षों से बातचीत की और जमीन के दस्तावेजों की जांच कराई।

थाना प्रभारी ने बताया कि करीब दो घंटे चली बातचीत के बाद मुस्लिम पक्ष ने मंदिर निर्माण के लिए स्थान छोड़ने पर सहमति जताई। इसके बाद प्रशासन की मौजूदगी में जगह की नापजोख कर सीमांकन किया गया। तय स्थान छोड़कर मुस्लिम पक्ष ने आगे भवन निर्माण कार्य शुरू कर दिया। समझौते के बाद दोनों समुदायों के लोगों ने राहत की सांस ली और एक-दूसरे को शांतिपूर्ण समाधान के लिए बधाई दी।

[metaslider id="122"]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights