जिला चिकित्सालय दमोह में ‘मिशन मधुहारी क्लिनिक’ का शुभारंभ
डायबिटीज से प्रभावित बच्चों एवं मरीजों को मिलेगी निःशुल्क इंसुलिन, विशेषज्ञ परामर्श एवं नियमित फॉलोअप की सुविधा
डायबिटीज से प्रभावित बच्चों एवं मरीजों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय दमोह में आज ‘मिशन मधुहारी क्लिनिक’ का शुभारंभ श्याम शिवहरे द्वारा किया गया।
यह क्लिनिक जिला चिकित्सालय के मेडिसिन ओपीडी स्थित NCD क्लिनिक, कक्ष क्रमांक 4 में संचालित होगा। इसके अंतर्गत टाइप-1 डायबिटीज से प्रभावित पंजीकृत मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, इंसुलिन प्रबंधन, डायबिटीज संबंधी प्रशिक्षण तथा प्रतिमाह आवश्यक इंसुलिन एवं सीरिंज निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

क्लिनिक की प्रमुख सुविधाएं मरीजों की नियमित जांच एवं ब्लड शुगर की निगरानी।ब्लड शुगर रिकॉर्ड के अनुसार इंसुलिन की खुराक का निर्धारण एवं समायोजन। इंसुलिन लगाने की सही तकनीक, आहार एवं हाइपोग्लाइसीमिया से बचाव संबंधी प्रशिक्षण। बीमारी से संबंधित जटिलताओं की समय पर पहचान एवं आवश्यकतानुसार उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफरल। एक माह की आवश्यक इंसुलिन एवं इंसुलिन प्रशासन के लिए सीरिंज की निःशुल्क उपलब्धता।
टाइप-1 डायबिटीज एक स्वप्रतिरक्षी बीमारी है, जिसमें शरीर में इंसुलिन का उत्पादन समाप्त हो जाता है। ऐसे मरीजों को जीवनभर इंसुलिन की आवश्यकता होती है। इंसुलिन की नियमित उपलब्धता एवं समय पर उपचार न मिलने से डायबिटिक कीटोएसिडोसिस (DKA), गंभीर हाइपोग्लाइसीमिया एवं अन्य गंभीर जटिलताओं का खतरा रहता है। मिशन मधुहारी का उद्देश्य इन मरीजों को निरंतर उपचार उपलब्ध कराना तथा उनके परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करना है।
[metaslider id="122"]