गोवर्धन पूजा प्रकृति संरक्षण, गौ सेवा और समृद्धि का संदेश देती है- राज्यमंत्री श्री लोधी
प्रदेश में सनातनी परंपराओं और किसानों का सम्मान- सांसद श्री लोधी दीपावली पर लक्ष्मी-गणेश पूजन के बाद जिले में मनाया गया गोवर्धन पूजन- विधायक श्री मलैया
धर्म और गौसेवा के साथ दुग्ध उत्पादन बढ़ाने का संदेश- श्री शिवहरे मारुताल स्थित वैष्णवी गौशाला में आयोजित हुआ गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट पर्व
भारतीय त्योहार केवल धार्मिक परंपराओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक पर्व अपने भीतर कोई न कोई महत्वपूर्ण सामाजिक, सांस्कृतिक और पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाहित किए हुए है। इस आशय के विचार प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी ने मारुताल स्थित वैष्णवी गौशाला मे आयोजित जिला स्तरीय गोवर्धन पूजन कार्यक्रम मे व्यक्त किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी का लाइव प्रसारण देखा व श्रवण किया गया l
राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा गोवर्धन पूजा, गौ पूजा एवं अन्नकूट का पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, गौवंश के संरक्षण और सेवा का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है, उन्होंने कहा गोवर्धन पूजा का मूल उद्देश्य प्रकृति की ओर लौटना, पर्यावरण का संरक्षण करना तथा गौ सेवा को प्रोत्साहित करना है।

श्री लोधी ने इस पावन अवसर पर प्रदेशवासियों, देशवासियों एवं क्षेत्रवासियों को गोवर्धन पूजा, गौ पूजा एवं अन्नकूट पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सनातन संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। दशहरा पर शस्त्र पूजन, होली और दीपावली पर गोवर्धन पूजा जैसे आयोजनों के माध्यम से सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा दिया जा रहा है।
सांसद श्री लोधी ने कहा मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव जी ने प्रदेश के हजारों गोपालकों के खातों में प्रोत्साहन राशि अंतरित की गई है। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को एक लाख रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 50 हजार रुपये दिए गए हैं।

उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, यूरिया मुक्त खेती की दिशा में आगे बढ़ने और गौ-संवर्धन को प्रोत्साहित करने का संकल्प दोहराया। साथ ही वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है तथा बलराम महोत्सव के माध्यम से किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
विधायक जयंत मलैया ने कहा दीपावली के पावन पर्व पर जिलेभर में लोगों ने विधि-विधान के साथ मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश का पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात गोवर्धन पूजन का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।
विधायक श्री मलैया ने कहा जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं उत्तम सेवाएं प्रदान करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले चयनित लोगों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में पदक प्रदान किये गए।
श्याम शिवहरे ने कहा शासन, प्रशासन और आमजन के सामूहिक प्रयासों से धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के प्रति आभार व्यक्त किया।
श्री शिवहरे ने कहा इस अवसर पर मारुताल स्थित वैष्णवी गौपालक परिसर में गोवर्धन पूजा के अवसर पर दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने गौसेवा, सनातन संस्कृति और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। इस अवसर पर गौ माता के लिए एक नए शेड का भूमि पूजन भी किया गया।
