युवाओं को नशे की लत से बचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता

दमोह को ड्रग फ्री बनाने की मुहिम तेज, सभी विभागों को संयुक्त कार्रवाई के निर्देश

मेडिकल स्टोर, रेलवे स्टेशन, अफीम की अवैध खेती और नशीले पदार्थों की तस्करी पर रहेगी कड़ी निगरानी

जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित बैठक में पुलिस प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में जिले में गांजा, अफीम की अवैध खेती, नशीले पदार्थों की तस्करी तथा प्रतिबंधित दवाइयों के दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विस्तृत रणनीति बनाई गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि विशेष रूप से मौजूद रहे।
जिले को ड्रग फ्री बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे की लत से बचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि युवा पीढ़ी गलत दिशा में जाने से बच सके।
बैठक में ड्रग इंस्पेक्टर को निर्देश दिए गए कि जिले के मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच कर यह सुनिश्चित करें कि प्रतिबंधित एवं नशे के रूप में उपयोग होने वाली दवाइयों का अवैध विक्रय न हो। वहीं कृषि एवं वन विभाग को दूरस्थ क्षेत्रों में अवैध अफीम की खेती पर विशेष निगरानी रखने और ऐसी गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
आबकारी विभाग को भी अवैध शराब एवं प्रतिबंधित मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही रेलवे स्टेशन एवं अन्य प्रमुख परिवहन माध्यमों पर विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा गया, ताकि बाहरी राज्यों से होने वाली नशीले पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
बच्चों को नशे की लत से दूर रखने के लिए समाज, शिक्षकों और अभिभावकों की सहभागिता से व्यापक जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा
प्रशासन गरीब एवं कचरा बीनने वाले बच्चों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को भी गंभीरता से ले रहा है। ऐसे बच्चों एवं उनके अभिभावकों के बीच जन-जागरूकता अभियान चलाकर नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा। स्कूल जाने की उम्र के बच्चों को नशे की लत से दूर रखने के लिए समाज, शिक्षकों और अभिभावकों की सहभागिता से व्यापक जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा।
सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि नशे के विरुद्ध अभियान को निरंतर चलाते हुए जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध खेती और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने कहा 2028 तक ड्रग फ्री इंडिया संकल्प लिया गया है, उन्होने कहा नशे से दूरी है, जरूरी अभियान 15 जुलाई से शुरू किया जा रहा है, पुलिस अधीक्षक ने कहा ड्रग, वन, स्वास्थ्य, कृषि तथा शिक्षा विभाग सक्रिय सहयोग आवश्यक है, उन्होने कहा प्रतिबंधित दवा/सीरप की जिले में बिक्री न हो सुनिश्चित किया जायें। इस कार्यवाही में पुलिस की पूरी मदद मिलेगी, साथ ही कहा संयुक्त कार्यवाही की जाये। श्री कलादगी ने कहा अवैध तस्करी पर पुलिस कार्यवाही कर रही है, आबकारी भी कार्यवाही करें। उन्होने पुलिस और आबकारी की संयुक्त टीम गठित कर कार्यवाही के लिए कहा।
[metaslider id="122"]