इंदौर के जल संकट पर मुख्यमंत्री सख्त:अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश, कहा- नागरिकों को मिले राहत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को इंदौर पहुंचे। वे अर्जुन बड़ौद स्थित हेलीपेड पट उतरने के बाद सीधे होटल द एक्सोटिका पहुंचे। यहां भाजपा के ग्राम प्रशिक्षण कार्यशाला में भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने राजबाड़ा पहुंचकर और देवी अहिल्या की प्रतिमा पर मार्ल्यापण किया साथ ही अहिल्या उत्सव समारोह में भी भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने यहां संभागायुक्त कार्यालय पहुंचकर शहर में उत्पन्न जल संकट की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की तथा अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि 24×7 जल नियंत्रण कक्ष के माध्यम से प्रतिदिन सुबह एवं शाम जलापूर्ति की समीक्षा की जाए। संकटग्रस्त वार्डों में विशेष जलापूर्ति योजना लागू कर प्रभावित क्षेत्रों को प्राथमिकता के आधार पर राहत प्रदान की जाए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नल सप्लाई के समय में असमानता एवं विसंगतियों को तत्काल दूर करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी क्षेत्रों में संतुलित जल वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शासकीय महाविद्यालयों, छात्रावासों एवं अन्य आवासीय संस्थानों में जल उपलब्धता की विशेष चिंता करने के निर्देश दिए। साथ ही जल चोरी एवं मोटरों के माध्यम से अवैध रूप से पानी खींचने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने को कहा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि शहर की बड़ी जल टंकियों का पूर्ण क्षमता से उपयोग सुनिश्चित किया जाए। निजी एवं नगर निगम के टैंकरों की मिनट-टू-मिनट मॉनिटरिंग की जाए तथा पाइपलाइन लीकेज एवं वितरण हानि को तत्काल सुधारकर जल की बर्बादी रोकी जाए।

