सागर के बरोदिया कलां में आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए 26 पेटी शराब पकड़ी है। शराब निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवासों में छिपाकर रखी गई थी। मामले में टीम ने शराब जब्त कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी फरार हो गए। जिनकी टीम तलाश कर रही है।
रविवार को आबकारी विभाग ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि बरोदिया कलां के वार्ड क्रमांक-6 में दो निर्माणाधीन मकानों में बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखी गई है। दोनों आवासों का निर्माण प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चल रहा था।
जिनमें शराब बेचने के उद्देश्य से रखी हुई है। सूचना मिलते ही वृत्त प्रभारी मृत्युंजय ठाकुर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मुखबिर के बतायानुसार निर्माणाधीन मकानों पर दबिश दी। जहां तलाशी लेने पर 26 पेटी शराब बरामद की गई। एक अन्य मकान से गोवा व्हिस्की, बॉम्बे व पावर व्हिस्की सहित 24.12 लीटर शराब जब्त की गई। दोनों मामलों में आबकारी विभाग ने प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
