कलेक्टर श्री मिश्रा एवं पुलिस आयुक्त श्री कुमार ने इंटिग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम का किया निरीक्षण, सड़क सुरक्षा को लेकर दिए अहम निर्देश

[metaslider id="122"]

कलेक्टर श्री मिश्रा एवं पुलिस आयुक्त श्री कुमार ने इंटिग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम का किया निरीक्षण, सड़क सुरक्षा को लेकर दिए अहम निर्देश

एआई आधारित इंटिग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम विकसित करने के दिए निर्देश

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ब्लैक स्पॉट सुधार, हेलमेट अभियान और अतिक्रमण हटाने पर लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय

कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक स्मार्ट सिटी कार्यालय भोपाल में आयोजित हुई। बैठक में पुलिस आयुक्त श्री संजय कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक से पहले कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा एवं पुलिस आयुक्त श्री कुमार ने इंटिग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया तथा इसे और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं आधुनिक बनाने के लिए AI आधारित तकनीकों के उपयोग के निर्देश दिए । उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कर शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाने पर बल दिया।

बैठक में जिले के चिन्हित 16 ब्लैक स्पॉट की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 1250 चौराहा, हबीबगंज, 1100 क्वार्टर तथा व्यापम – तरुण पुष्कर क्षेत्र में सुधार कार्य प्रगति पर हैं। कलेक्टर ने गोविंदपुरा, ट्रेनिंग सेंटर एवं आईएसबीटी क्षेत्र के कार्य तत्काल प्रारंभ करने तथा अन्य स्वीकृत लेफ्ट टर्न निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने शहर में ई-रिक्शा संचालन को सुव्यवस्थित करने, आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन लागू करने तथा मुख्य मार्गों एवं फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस, संबंधित एसडीएम एवं नगर निगम को संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने की समीक्षा भी की गई। बताया गया कि जिले में अब तक 174 प्रकरण प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 110 मामलों को स्वीकृति प्रदान कर पात्र हितग्राहियों को राहत राशि वितरित की जा चुकी है। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग, पुलिस एवं एनआईसी के बेहतर समन्वय के साथ शेष मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए समिति ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। शहर के मल्टीप्लेक्स एवं सिनेप्लेक्स में हेलमेट उपयोग संबंधी लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। आईटीएमएस के माध्यम से चयनित अवसरों पर हेलमेट पहनने वाले वाहन चालकों को प्रोत्साहन स्वरूप स्थानीय रेस्टोरेंट के कूपन प्रदान किए जाएंगे। साथ ही सभी शासकीय विभागों में विभागाध्यक्ष अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा शत-प्रतिशत हेलमेट उपयोग सुनिश्चित करेंगे। पुलिस एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति द्वारा समय-समय पर जागरूकता अभियान भी संचालित किए जाएंगे।

पुलिस आयुक्त श्री संजय कुमार ने निर्देश दिए कि जिले के प्रमुख चौराहों पर स्टॉप लाइन, जेब्रा क्रॉसिंग तथा मानक अनुरूप स्पीड ब्रेकर का निर्माण प्राथमिकता से कराया जाए। बैठक में नादरा बस स्टैंड को नवीन बस स्टैंड परिसर में स्थानांतरित करने संबंधी प्रस्ताव शासन को भेजने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ब्लैक स्पॉट सुधार, इंटिग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम का प्रभावी संचालन, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाना, गोल्डन ऑवर के दौरान दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित एवं निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराना तथा बिना हेलमेट, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाने एवं रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वालों के विरुद्ध आईटीएमएस आधारित सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाएगी। ‘राहवीर’ जैसी सड़क सुरक्षा पहलों को और अधिक प्रभावी बनाते हुए विद्यार्थियों, शासकीय कर्मचारियों एवं आम नागरिकों में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।

CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#Bhopal

[metaslider id="122"]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights