दमोह: समाजसेवी अभिषेक जैन और भाजपा नेताओं के खिलाफ दुष्प्रचार का आरोप, आदिवासियों ने कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन

[metaslider id="122"]

दमोह: समाजसेवी अभिषेक जैन और भाजपा नेताओं के खिलाफ दुष्प्रचार का आरोप, आदिवासियों ने कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन
पटवारी से मारपीट मामले को दबाने और क्षेत्र का सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश का आरोप
सोशल मीडिया पर हत्या के लिए उकसाने और भड़काऊ भाषण देने वाले ओबीसी महासभा के सदस्य पर FIR की मांग

मडियादो/दमोह- दमोह जिले के मडियादो क्षेत्र में जमीन विवाद और सोशल मीडिया पर दिए गए कथित भड़काऊ बयानों को लेकर माहौल गरमा गया है। क्षेत्र के बड़ी संख्या में आदिवासी, पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग के नागरिकों ने मडियादो थाना प्रभारी के माध्यम से जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (SP) के नाम एक संयुक्त ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में समाजसेवी अभिषेक जैन, भाजपा के जिला नेताओं और प्रदेश के मुख्यमंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर की जा रही अभद्र टिप्पणियों और हत्या के लिए उकसाने वाले बयानों पर तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग की गई है। साथ ही, विगत 29 मई को अभिषेक जैन के खिलाफ सौंपे गए ज्ञापन को पूरी तरह निराधार और राजनीति से प्रेरित बताया गया है।
क्या है पूरा मामला?
ज्ञापन के अनुसार, धौरिया गांव में खसरा नंबर 96 की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इस जमीन को समाजसेवी अभिषेक जैन ने करीब 6 महीने पहले कानूनी तौर पर खरीदा था, जिसके दस्तावेज सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज हैं। गत 26 मई (मंगलवार) को जब शासकीय पटवारी अनिल कुमार इस जमीन के वैधानिक सीमांकन के लिए मौके पर पहुंचे थे, तब कुछ असामाजिक तत्वों ने उनके साथ न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि मारपीट कर उन्हें खेत से भगा दिया। इस संबंध में पीड़ित पटवारी की शिकायत पर रजपुरा थाने में मुलायजा (मेडिकल) सहित शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट की एफआईआर पहले ही दर्ज की जा चुकी है।


भड़काऊ भाषण और हत्या के लिए उकसाने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि इस कानूनी कार्रवाई से बचने और मामले को दूसरा मोड़ देने के लिए ओबीसी महासभा के सदस्य ब्रजेंद्र यादव (निवासी अशोक नगर) ने 29 मई को कलेक्ट्रेट दमोह में आदिवासी समाज की भीड़ को इकट्ठा किया। आरोप है कि इस दौरान सोशल मीडिया पर लाइव आकर भड़काऊ और वैमनस्यता पूर्ण भाषण दिए गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ब्रजेंद्र यादव द्वारा भीड़ को अभिषेक जैन के खिलाफ हिंसा करने, चप्पलों से मारने और हत्या करने के लिए सरेआम उकसाया गया, जिससे क्षेत्र का शांतिपूर्ण माहौल खराब हो सकता है।
अभिषेक जैन ने हमेशा आदिवासियों के अधिकारों की लड़ाई लड़ी”
ज्ञापन सौंपने आए आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि अभिषेक जैन ने कभी भी किसी आदिवासी की एक इंच जमीन पर भी कब्जा नहीं किया है, बल्कि वे हमेशा आदिवासियों के सुख-दुख में खड़े रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा—”हमने अभिषेक जैन की धर्मपत्नी मोहिनी जैन को अपने क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य चुना है, जिस पर पूरे क्षेत्र की जनता को गर्व है। कुछ बाहरी लोग हमारे नाम का गलत इस्तेमाल कर भाईचारे को खत्म करना चाहते हैं, जिसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।”

प्रशासन से मुख्य मांगें-
ग्रामीणों और किसानों ने प्रशासन के सामने निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखी हैं:
सख्त कानूनी कार्रवाई- सोशल मीडिया पर भड़काऊ भाषण देने, समाज में वैमनस्यता फैलाने और हत्या के लिए उकसाने वाले ब्रजेंद्र यादव और उनके सहयोगियों पर तत्काल मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए।
निष्पक्ष सीमांकन- धौरिया गांव के प्रत्येक किसान की भूमि का निष्पक्ष सीमांकन कराया जाए, ताकि वास्तविक भू-स्वामियों को उनका हक मिल सके और भू-माफियाओं का पर्दाफाश हो सके।
झूठे आरोपों की जांच- 29 मई को सौंपे गए शिकायती पत्र की जांच कर, झूठे आरोप लगाकर साख खराब करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई हो।
मडियादो पुलिस ने ग्रामीणों का ज्ञापन लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने और मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित वैधानिक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

[metaslider id="122"]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights