पटेरा तहसील में खरीदी केंद्रों पर प्रशासनिक छापा: भारी अनियमितताएं मिलने पर समिति प्रबंधक ब्लैकलिस्ट, वसूली की कार्रवाई शुरू

दमोह/पटेरा- क्षेत्र के किसानों की उपज खरीदी में लापरवाही और धांधली बरतने वाले केंद्रों पर प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। आज पटेरा तहसील के विभिन्न गेहूं और उपार्जन खरीदी केंद्रों का प्रशासनिक टीम द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुम्हारी और सोजना खरीदी केंद्रों पर भारी अनियमितताएं और लापरवाही उजागर होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।

प्रशासनिक अमले ने मारा छापा
खरीदी व्यवस्थाओं का जायजा लेने और किसानों को आ रही दिक्कतों को देखने के लिए आज एक उच्च स्तरीय प्रशासनिक टीम जमीन पर उतरी। इस आकस्मिक निरीक्षण टीम में- राकेश सिंह मरकाम (एसडीएम),उमेश तिवारी (तहसीलदार),मानसी अग्रवाल(नायब तहसीलदार),राकेश कन्हैया (सहायक खाद्य अधिकारी) शामिल रहे।
टीम ने जब केंद्रों का बारीकी से निरीक्षण किया, तो वहां की बदइंतजामी देखकर अधिकारी दंग रह गए।
कुम्हारी खरीदी केंद्र: खुले में भीग रही थीं 4000 बोरियां, समिति प्रबंधक ब्लैकलिस्ट
निरीक्षण के दौरान सबसे बदतर हालात कुम्हारी खरीदी केंद्र पर देखने को मिले। यहां केंद्र प्रभारी की घोर लापरवाही के कारण लगभग 4,000 बोरी गेहूं खुले आसमान के नीचे बिना सिलाई के पड़ा पाया गया। हाल ही में हुई बारिश के कारण यह पूरा गेहूं भीग गया, जिससे शासन और किसानों को भारी नुकसान की आशंका है।
इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल एक्शन लिया है। कुम्हारी केंद्र के समिति प्रबंधक को ब्लैकलिस्ट में डालने की कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही केंद्र प्रभारी आनंद कुमार जैन के विरुद्ध शासकीय धन और अनाज की क्षति को लेकर वसूली की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।

सोजना खरीदी केंद्र: नॉन-FAQ मसूर जब्त, प्रभारी पर गिरी गाज
प्रशासनिक टीम जब सोजना खरीदी केंद्र पहुंची, तो वहां भी नियमों की धज्जियां उड़ती मिलीं। केंद्र पर निर्धारित मानकों (FAQ) को ताक पर रखकर घटिया दर्जे की नॉन-FAQ मसूर*की खरीदी की जा रही थी।
टीम ने मौके पर ही नियम विरुद्ध खरीदी जा रही नॉन-FAQ मसूर को जब्त कर लिया। इस मामले में सोजना खरीदी केंद्र प्रभारी व समिति प्रबंधक अभिषेक पाठक को सीधे तौर पर दोषी पाते हुए उनके खिलाफ भी वसूली की कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजा गया है।
अधिकारियों की सख्त चेतावनी
एसडीएम राकेश सिंह मरकाम ने साफ शब्दों में कहा है कि किसानों की मेहनत की उपज के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपार्जन कार्य में लापरवाही बरतने वाले, अनाज को बारिश से न बचाने वाले और अमानक स्तर का अनाज खरीदने वाले केंद्रों पर आगे भी इसी तरह की आकस्मिक कार्रवाई जारी रहेगी। शासन के नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
