विधायक उमा देवी खटीक की उपस्थिति में रनेह में दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता का आयोजन, पशुपालकों को किया सम्मानित

[metaslider id="122"]

विधायक उमा देवी खटीक की उपस्थिति में रनेह में दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता का आयोजन,

पशुपालकों को किया सम्मानितश्यामाचरण चौबे की गाय ने प्रतिदिन 9.75 किलोग्राम दूध देकर हासिल किया प्रथम स्थान, रामचंद्र साहू रहे द्वितीय

रनेह/दमोह- ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और पशुपालकों को उन्नत गौपालन के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पशुपालन एवं डेयरी विभाग दमोह द्वारा गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत वृंदावन ग्राम रनेह में दो दिवसीय दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। 30 एवं 31 अक्टूबर को आयोजित इस कार्यक्रम में हटा विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती उमा देवी खटीक विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्रीमती उमा देवी खटीक एवं अन्य अतिथियों द्वारा गौमाता की विधिवत पूजा-अर्चना, माल्यार्पण एवं भोग अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर विधायक ने गौपालन को भारतीय ग्रामीण संस्कृति, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधर बताते हुए पशुपालकों को उन्नत नस्ल, वैज्ञानिक पशुपालन और बेहतर दुग्ध उत्पादन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
पशुपालकों को प्रोत्साहित करने की सराहनीय पहल विधायक श्रीमती उमा देवी खटीक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन रोजगार और अतिरिक्त आय का महत्वपूर्ण साधन है। शासन की गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना जैसी पहल से पशुपालकों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। इससे दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ पशुपालकों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों को अपनाने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि पशुपालक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके परिश्रम और मेहनत से गांवों में आर्थिक समृद्धि के नए रास्ते खुलते हैं। ऐसे आयोजनों से मेहनतकश पशुपालकों को पहचान और सम्मान मिलता है।
श्यामाचरण चौबे की गाय ने मारी बाजी प्रतियोगिता में कुल 10 पशुपालकों ने आवेदन प्रस्तुत किए थे, जिनमें से 7 आवेदकों की गायों का चयन किया गया। प्रतियोगिता में वास्तविक रूप से 4 प्रतिभागियों की गायों ने हिस्सा लिया।
निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 30 अक्टूबर को सुबह एवं शाम तथा 31 अक्टूबर को सुबह दूध का दोहन कर उत्पादन का आकलन किया गया। प्रतियोगिता में परिस्थितियां अनुकूल नहीं होने के कारण दो पशुओं का दुग्ध दोहन पूरा नहीं हो सका। शेष दो गायों के औसत दुग्ध उत्पादन के आधार पर परिणाम घोषित किए गए।


प्रतियोगिता में ग्राम के पशुपालक श्री श्यामाचरण चौबे की गाय ने औसतन 9.75 किलोग्राम प्रतिदिन दूध उत्पादन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं श्री रामचंद्र साहू की गाय ने औसतन 7.74 किलोग्राम प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया।
दोनों विजेता पशुपालकों को विधायक श्रीमती उमा देवी खटीक ने प्रमाण-पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में कृषि स्थायी समिति जिला अध्यक्ष श्री मनीष तंतुवाय, कृषि स्थायी समिति जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री कनई पटेल, सरपंच श्री कन्हैया लाल आदिवासी, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष श्री शुभेंदु सिंह, विधायक प्रतिनिधि श्री नरेश चौबे, श्री राम मनोहर तिवारी एवं श्री मनीष चौबे रामपुरा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पशुपालन विभाग की ओर से पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी डॉ. बी.के. असाटी, डॉ. दुर्गेश गुप्ता, डॉ. सिद्धार्थ चौरे, ए.वी.एफ.ओ. श्री पी.डी. चिरौलिया, श्रीमती शिक्षा देवी लोधी, श्री तरुण चौरहा, श्रीमती राशि असाटी, परिचालक श्री योगेंद्र कुमार साहू एवं गौ-मैत्री श्री दीपेंद्र पटेल सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।
ग्रामीण विकास और पशुपालकों की आर्थिक मजबूती पर जोर इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में उन्नत गौपालन को बढ़ावा देना, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि करना, पशुपालकों को वैज्ञानिक पशुपालन के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

विधायक श्रीमती उमा देवी खटीक की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम ने पशुपालकों को अपनी मेहनत और पशुपालन के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को प्रदर्शित करने का अवसर दिया। पुरस्कार वितरण के माध्यम से उत्कृष्ट पशुपालकों का सम्मान कर अन्य पशुपालकों को भी बेहतर दुग्ध उत्पादन के लिए प्रेरित किया गया।
ग्रामीण विकास, गौसंवर्धन और पशुपालकों के सम्मान की दिशा में रनेह का यह आयोजन एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया। कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

[metaslider id="122"]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights