मेडिकल कॉलेज शीघ्र शुरू कराने आवश्यक कार्यवाही करें : कमिश्नर
कमिश्नर ने मेडिकल कॉलेज, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एवं सेंट्रल लाइब्रेरी का किया निरीक्षण
लाइब्रेरी में संचालित निःशुल्क कोचिंग एवं बेहतर प्रबंधन की सराहना कीकमिश्नर सागर दिलीप कुमार ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत छतरपुर जिले के मेडिकल कॉलेज, सिंचाई कॉलोनी स्थित निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एवं सेंट्रल लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कमिश्नर ने मेडिकल कॉलेज को शीघ्र प्रारंभ कराने के लिए नियमानुसार फैकल्टी एवं स्टाफ की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश डीन को दिए। साथ ही लंबित एनओसी प्राप्त करने के लिए ईई पीआईयू को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फिलहाल मेडिकल कॉलेज को जिला अस्पताल से संबद्ध किया जाएगा। इसके लिए सीएमएचओ, सिविल सर्जन एवं डीन आपसी समन्वय से मेडिकल काउंसिल के निरीक्षण से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें।
कमिश्नर ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण करते हुए निर्माणाधीन दो टेनिस कोर्ट, दो बैडमिंटन कोर्ट एवं एक स्वीमिंग पूल का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में फरवरी 2027 तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही कॉम्प्लेक्स के निर्माण के बाद उसके उचित रखरखाव एवं देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका सीएमओ को निर्देशित किया।
उन्होंने ईई पीडब्ल्यूडी को कॉम्प्लेक्स परिसर में वर्षा जल संग्रहण के लिए आवश्यक रिचार्ज मैकेनिज्म तैयार करने तथा नजदीकी ढलान को देखते हुए व्यवस्थित ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने के निर्देश भी दिए।
कमिश्नर ने सेंट्रल लाइब्रेरी का निरीक्षण कर अध्ययनरत बच्चों से चर्चा की। उन्होंने जिला प्रशासन की पहल पर निःशुल्क संचालित लोकसेवा गुरुकुल कोचिंग की सराहना की। साथ ही लाइब्रेरी में बेहतर प्रबंधन एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस दौरान कलेक्टर मृणाल मीना, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
[metaslider id="122"]