हरेन्द्र ने किया हटा का नाम रोशन, आयुर्वेद चिकित्सा एवं जनसेवा के क्षेत्र में मिला प्रतिष्ठित सम्मान*

[metaslider id="122"]

हरेन्द्र ने किया हटा का नाम रोशन, आयुर्वेद चिकित्सा एवं जनसेवा के क्षेत्र में मिला प्रतिष्ठित सम्मान

डॉ. हरेन्द्र कुमार मोदी को मिला ‘पंडित उद्धवदास मेहता चिकित्सा सेवा सम्मान-2026’,

मोदी परिवार सहित समस्त साहू समाज में हर्ष की लहर, मिल रही बधाइयां हटा/दमोह- प्रतिभा, मेहनत और समर्पण के बल पर सफलता के नए आयाम स्थापित करने वाले हटा नगर के होनहार युवा आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. हरेन्द्र कुमार मोदी ने अपनी उपलब्धि से हटा नगर एवं दमोह जिले का नाम गौरवान्वित किया है। आयुर्वेद चिकित्सा, शिक्षा, अनुसंधान एवं जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. हरेन्द्र कुमार मोदी को प्रतिष्ठित ‘पंडित उद्धवदास मेहता चिकित्सा सेवा सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से मोदी परिवार, शुभचिंतकों एवं समस्त साहू समाज में खुशी और उत्साह का माहौल है।
यह सम्मान भोपाल में भाई उद्धवदास मेहता स्मृति न्यास (रजि.) द्वारा आयोजित गरिमामय समारोह में प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पंडित खुशीलाल आयुर्वेद महाविद्यालय की रजत जयंती सभागार में भगवान धन्वंतरि पूजन एवं आयुर्वेद चिकित्सा क्षेत्र की प्रतिभाओं के सम्मान के साथ किया गया।


समारोह में मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा पद्धति आयोग (NCISM), नई दिल्ली की अध्यक्ष वैद्य डॉ. मनीषा उपेंद्र कोठेकर सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सकों को सम्मानित किया गया तथा अखिल भारतीय आयुर्वेद पीजी निबंध प्रतियोगिता-2026 के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए।
आयुर्वेद चिकित्सा एवं शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं डॉ. हरेन्द्र मोदी डॉ. हरेन्द्र कुमार मोदी का जन्म 14 अक्टूबर 1988 को हुआ। उनकी प्रारंभिक शिक्षा हटा में ही हुई। बचपन से ही शिक्षा के प्रति रुचि और कुछ अलग करने का जुनून रखने वाले डॉ. मोदी ने आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र को अपना कार्यक्षेत्र बनाया।
उन्होंने बी.ए.एम.एस. की शिक्षा बी.आर.डी. मेमोरियल आयुर्वेदिक कॉलेज, भोपाल से तथा एम.डी. की शिक्षा एम.डी. सुमदीप आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, इंदौर से पूर्ण की।
वर्तमान में वे भोपाल स्थित श्री साईं इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेदिक रिसर्च एंड मेडिसिन के रोग निदान एवं विकृति विज्ञान विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ वे मरीजों के उपचार, अनुसंधान और आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

डॉ. मोदी द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर मरीजों को परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया है। इसके साथ ही उन्होंने चिकित्सा विषयों पर कई पुस्तकों का लेखन एवं प्रकाशन भी किया है। उनका प्रयास आयुर्वेद की प्राचीन चिकित्सा पद्धति को आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ जनसामान्य तक पहुंचाना है।
सम्मान ने बढ़ाया हटा का गौरव डॉ. हरेन्द्र कुमार मोदी को मिला यह सम्मान केवल उनके व्यक्तिगत परिश्रम और उपलब्धि का परिणाम नहीं है, बल्कि हटा क्षेत्र की शैक्षणिक एवं सामाजिक प्रतिभा का भी गौरव है। एक छोटे नगर से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त कर भोपाल जैसे शहर में चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान स्थापित करना युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
डॉ. हरेन्द्र मोदी प्रतिष्ठित मोदी परिवार के श्री सरमन मोदी जी के छोटे पुत्र हैं। उनकी इस सफलता से परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों, मित्रों एवं शुभचिंतकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
मोदी परिवार एवं साहू समाज ने दी बधाई हरेन्द्र कुमार मोदी को प्रतिष्ठित चिकित्सा सेवा सम्मान मिलने पर मोदी परिवार के सदस्यों, समस्त साहू समाज के पदाधिकारियों, सामाजिक बंधुओं एवं हटा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
सामाजिक बंधुओं का कहना है कि डॉ. हरेन्द्र मोदी ने अपनी मेहनत, लगन, शिक्षा और सेवाभाव से यह उपलब्धि हासिल कर हटा का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता से समाज के युवाओं को शिक्षा, चिकित्सा एवं जनसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
निश्चित ही डॉ. हरेन्द्र कुमार मोदी की यह उपलब्धि हटा नगर के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य निर्धारित हो और उसे पाने के लिए निरंतर मेहनत की जाए तो छोटे नगर से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई जा सकती है।
समस्त शुभचिंतकों की ओर से डॉ. हरेन्द्र कुमार मोदी को उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें इसी प्रकार सफलता, सम्मान और जनसेवा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान करें।
हटा की प्रतिभा का राष्ट्रीय मंच पर सम्मान, हर नगरवासी के लिए गर्व और हर युवा के लिए प्रेरणा है

[metaslider id="122"]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights