मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एण्ड लॉजिस्टिक्स कार्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नगायच की अध्यक्षता में जिला पंचायत के सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। कार्पोरेशन के अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में वर्ष 2026-27 के आगामी उपार्जन संबंधी बिंदुओं पर चर्चा हुई। बैठक में उपार्जन प्रक्रिया के दौरान समिति स्तर पर आने वाली व्यावहारिक समस्याओं, किसानों की सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विकास पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में अध्यक्ष ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को स्लॉट बुकिंग से लेकर बैंक खातों में उपार्जन राशि पहुंचने तक किसी भी स्तर पर असुविधा नहीं होनी चाहिए। बैठक में परिवहन में होने वाली देरी पर चिंता जताते हुए परिवहन व्यवस्था को और दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विभागों में स्टाफ की कमी को जल्द दूर करने का आश्वासन दिया गया।
बैठक में पन्ना जिले की भंडारण क्षमता को सुदृढ़ करने के लिए वेयरहाउसिंग कॉर्पाेरेशन के माध्यम से 5 प्रमुख स्थानों पर नए गोदामों के निर्माण की स्वीकृति दी गई। इसके अंतर्गत लक्ष्मीपुर, गुनौर एवं शाहनगर में आधुनिक गोदाम बनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, देवेंद्रनगर क्षेत्र में धान की भारी पैदावार को देखते हुए वहाँ राइस मिल, पोहा मिल या अन्य औद्योगिक नवाचार स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। विभागीय समन्वय और नवाचार म.प्र. वेयरहाउसिंग कॉर्पाेरेशन सहित अन्य सभी विभागों को आपस में बेहतर समन्वय स्थापित कर जमीनी स्तर पर नए नवाचार अपनाने पर चर्चा हुई।
इसके अलावा बैठक में खाद वितरण के लिए ई टोकन के माध्यम से खाद के सुचारू वितरण, गोदामों में सुरक्षा व रखरखाव, स्व-सहायता समूहों की कार्यविधि तथा सर्वेयरों की भूमिका की भी गहन समीक्षा की गई।
अध्यक्ष ने कहा कि वेयरहाउस एवं पैक्स गोदामों में पहुंच मार्ग के लिए पक्की सड़कें नहीं हैं, वहाँ प्राथमिकता के आधार पर सीसी रोड या डब्लूबीएम सड़कों का निर्माण कराया जाए। साथ ही वेयरहाउस एवं नालियों की उचित साफ-सफाई जल निकासी की व्यवस्था तत्परता से पूरी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में गुनौर विधायक डॉ. राजेश वर्मा द्वारा गत उपार्जन कार्य के दौरान विभिन्न समस्याओं के बारे में अवगत कराया गया साथ ही आवश्यक एवं महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहें।
पन्ना से संतराम पटेल की रिपोर्ट

