कलेक्टर श्री यादव ने कृषि उपज मंडी का किया औचक निरीक्षण

किसानों, व्यापारियों और हम्माल संघ के पदाधिकारियों साथ बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय

अब 22 की जगह 9.50 रूपये तुलाई आदि का लिया जायेगा,

किसानो को अब प्रति क्विटल लगभग 25 रूपये की बचत और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होगी
==
मंडी को प्रदेश की आदर्श मंडी बनाने का आह्वान
==
किसानो से सीधा संवाद, किसानो के चेहरे खिल उठे
==
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने आज आकस्मिक रूप से कृषि उपज मंडी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडी परिसर में किसानों से सीधे संवाद कर उनकी बाते व समस्याएं सुनी। इसके पश्चात मंडी कार्यालय के सभा कक्ष में किसानों, व्यापारियों तथा हम्माल संघ के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मंडी की मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा किसानों को दी जाने वाली मूलभूत सेवाओं में सुधार के संबंध में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
उन्होने मंडी में अब तक किसानो से वसूले जा रहे 22 रुपये प्रति बैग शुल्क को घटाकर 9 रुपये 50 पैसे प्रति बेग करने का निर्णय हुआ। कलेक्टर श्री यादव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों से इसके अतिरिक्त कोई अन्य राशि नहीं ली जाएगी। इसके अलावा शौचालय में प्रति व्यक्ति ₹10 वसूले जाने की जानकारी भी सामने आई, जबकि यह सुविधा शासन द्वारा निशुल्क उपलब्ध कराई गई है। उन्होने इसे गंभीर अनियमितता बताते हुए भविष्य में शासन के नियमों के अनुसार ही सभी तरह के शुल्क लेने के निर्देश दिए। मंडी परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होने क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल की मरम्मत एवं सुधार कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडी की सुरक्षा और सुव्यवस्थित संचालन के लिए यह कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा।
किसानों को 5 रुपये में मिलेगा भोजन, विश्राम गृह रहेगा व्यवस्थित
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि किसानों को शासन की योजना के तहत ₹5 में भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा यदि किसान रुकना चाहें तो उनके लिए बेहतर आवास और विश्राम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने किसानों के विश्राम गृह और शौचालयों को साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए। श्री यादव ने शौचालय जाकर अवलोकन कर सुव्यवस्थित सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीसीटीवी कैमरे से होगी सतत् निगरानी
मंडी में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया है। कलेक्टर ने कहा कि यदि कोई चोरी करते हुए पकड़ा जाता है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी कैमरे चालू हो, सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
व्यापारी, हम्माल और किसान प्रतिनिधियों की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय
मंडी में आयोजित बैठक में व्यापारियों, हम्माल संघ के पदाधिकारी, किसान प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि सभी कार्य शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप होंगे। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों की नियमित निगरानी, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि मंडी में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो इसके लिए प्रशासक नियमित रूप से निरीक्षण करेंगे। यदि मंडी सचिव, इंजीनियर या अन्य जिम्मेदार अधिकारी अपने कर्तव्यों में लापरवाही बरतते पाए गए तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
किसानों से सीधे संवाद की पहल
कलेक्टर ने किसानों से कहा कि किसी भी समस्या की जानकारी एसडीएम को दें। एसडीएम का संपर्क नंबर मंडी परिसर में प्रदर्शित किया जाएगा। यदि फिर भी समस्या का समाधान नहीं होता है तो किसान कलेक्टर के फेसबुक पेज पर अपनी शिकायत या सुझाव दर्ज कर सकते हैं, जहां उनकी टीम लगातार निगरानी कर समस्याओं के समाधान का प्रयास करती है।
मंडी को प्रदेश की आदर्श मंडी बनाने का आह्वान
कलेक्टर श्री यादव ने व्यापारियों, हम्मालों, किसानों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे सभी मिलकर मंडी की व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग करें, ताकि यह मंडी प्रदेश की उत्कृष्ट और आदर्श मंडियों में शामिल हो सके।
कलेक्टर ने केंटीन पहुचकर लिया जायजा, किसानो को करवाया भोजन और नाश्ता
खुद भी चखा समोसा
कलेक्टर श्री यादव ने किसानो से भोजन नाश्ता की जानकारी ली और शिकायत मिलने पर सीधे केंटीन किसानो के साथ पहॅुचे और किसानो को भोजन परोसवाया, जो नाश्ता करना चाहते थे, उन्हें नाश्ता करवाया और खुद भी समोसा चखा, केंटीन संचालक को हिदायत दी गुणवत्ता से समझौता नही किया जायेगा। साथ ही मण्डी सचिव को भोजन-नास्ते का बिल भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पेयजल शुद्ध मिले
मंडी परिसर में स्थापित पेयजल स्थल पर पहॅुचे, उसका सेम्पल करवाया और सचिव को हिदायत दी स्वच्छ पेयजल मिले सुनिश्चित किया जाये।
सचिव को हिदायत व्यवस्था सुढृण रहे, अन्यथा होगी कड़ी कार्यवाही
कलेक्टर नें इस आकस्मिक निरीक्षण के दौरान मण्डी सचिव को साफतौर पर कहा व्यवस्था सुढृण सुनिश्चित करे अन्यथा कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहे। उन्होने कहा किसानो के हित में कोताही पर कड़ी कार्रवाई होगी।
सभी शेड में रहे सुरक्षा कर्मी
कलेक्टर श्री यादव ने मण्डी सचिव से कहा पर्याप्त सुरक्षा कर्मी है, सभी शेड पर एक सुरक्षा कर्मी तैनात रहे और व्यवस्थाऍ सम्भाले, इसमें किसी भी तरह की शिकायत बर्दास्त नही की जायेगी।
एनाउंसमेंट सिस्टम सुढृण रहे
भ्रमण के दौरान एनाउसमेंट सिस्टम अच्छा नही पाये जाने पर सख्त हिदायत दी गई कि यह सिस्टम अच्छा क्वालिटी का हो तय किया जायें।
थाना प्रभारी को हिदायत पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रहे
कलेक्टर नें थाना प्रभारी को मण्डी में बुलाया गया। उन्होने कहा यहां पर किसानो का अनाज चोरी होने की बात आई है, पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित कराई जाये।
किसानो को अब प्रति क्विटल लगभग 25 रूपये की बचत और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होगी
आज की आकस्मिक विजिट से जहां किसानो को करीब 25 रूपये प्रति क्विटल तुलाई आदि कार्य में बचत होगी। इस निर्णय से किसानो में खुशी का माहौल छा गया।
#Damoh
