कलेक्टर नें रात्रि चौपाल कर गांव में ही किया रात्रि विश्राम
==
दूरस्थ गांवों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता – कलेक्टर श्री यादव

चौपाल और ग्राम भ्रमण के दौरान योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी
==
दूरस्थ आदिवासी अंचल पर बसे ग्राम पाठादो पहुचे कलेक्टर,
===
लगाई चौपाल, सुनी समस्याएं और किया रात्रि विश्राम
==
जो विभाग के अधिकारी नही थे उन्हे नोटिस देने के निर्देश
==
जिले के दूरस्थ गांवों का चयन इस उद्देश्य से किया गया है कि शासन की योजनाएं वास्तव में धरातल पर किस स्तर तक पहुंच रही हैं और ग्रामीणों को उनका कितना लाभ मिल पा रहा है। प्रशासन गांवों में पहुंचकर सीधे लोगों से संवाद कर वास्तविक स्थिति जानने का प्रयास कर रहा है, ताकि आवश्यक सुधार कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। कार्यालयीन वातावरण में कई बार लोग अपनी समस्याएं खुलकर नहीं रख पाते, जबकि गांवों में आयोजित शिविरों एवं बैठकों में ग्रामीण सहजता से अपनी बात साझा करते हैं। इससे प्रशासन को समस्याओं के निराकरण में सहायता मिलती है और योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक तस्वीर सामने आती है, इस आशय के विचार कलेक्टर प्रताप नारायण यादव नें ग्राम पाठादो, जनपद पंचायत तेंदूखेड़ा में आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए व्यक्त किये।

कलेक्टर श्री यादव ने कहा, जिले में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा एवं ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से सभी जिला स्तरीय अधिकारियों ने ग्राम पाठादो में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। अधिकारियों ने ग्रामवासियों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा यह समझने का प्रयास किया कि योजनाओं का लाभ लोगों तक किस प्रकार पहुंच रहा है। चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि कई योजनाओं का लाभ संतोषजनक रूप से मिल रहा है, वहीं कुछ योजनाओं में समस्याएं भी सामने आई हैं। विशेष रूप से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत कई महिलाओं ने शिकायत की कि दस्तावेज जल जाने, आधार कार्ड लिंक न होने अथवा फिंगरप्रिंट मिलान में समस्या आने के कारण उनकी पेंशन स्वीकृत नहीं हो पा रही है या बंद हो गई है।
इसके अतिरिक्त नल-जल योजना के अंतर्गत कई परिवारों ने बताया कि वे कनेक्शन लेने के लिए तैयार हैं, लेकिन पंचायत एवं संबंधित विभाग की उपेक्षा के कारण उन्हें समय पर कनेक्शन उपलब्ध नहीं हो पाया। बिजली विभाग से संबंधित समस्याओं में ग्रामीणों ने बताया कि अधिक लोड होने के कारण कम वोल्टेज की समस्या बनी रहती है तथा दूर से तार खींचकर बिजली ले जानी पड़ती है, जिससे पेयजल व्यवस्था एवं कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं, राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों में कुछ ग्रामीणों ने बताया कि मकान में आग लगने के बावजूद उन्हें अब तक मुआवजा राशि प्राप्त नहीं हुई है।
इन सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने निर्णय लिया है कि कल ग्राम में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे और आवश्यक तकनीकी संसाधनों जैसे कंप्यूटर एवं लैपटॉप के साथ मौके पर ही समस्याओं के निराकरण का प्रयास करेंगे।
कलेक्टर श्री यादव ने ग्रामवासियों से अपील की है कि वे अपने आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं अन्य प्रमाण पत्र साथ लेकर शिविर में पहुंचें, ताकि पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके और कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

ग्रामीणों की सरलता और धार्मिक वातावरण से प्रभावित हुए कलेक्टर
ग्राम भ्रमण के दौरान कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ग्रामीणों की सरलता, सौहार्द और धार्मिक प्रवृत्ति से विशेष रूप से प्रभावित दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि गांव के परिसर में स्थित दो मंदिरों में नियमित रूप से भजन-कीर्तन एवं आरती आयोजित होती है, जिसमें बच्चे भी सक्रिय रूप से शामिल होते हैं। यह गांव के सांस्कृतिक एवं धार्मिक वातावरण को दर्शाता है, उन्होंने ग्रामीणों द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत, सहयोग एवं भोजन व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीणों के साथ बैठकर भोजन करने और उनसे संवाद करने का अनुभव अत्यंत सुखद रहा।
कलेक्टर ने कहा, एक मौका दिया है जो कमिया पाई गई है, कल केम्प कर दूर करे
कलेक्टर श्री यादव नें आयोजित इस रात्रि चौपाल में ग्रामवासियों की एक-एक कर बात व समस्या सुन रहे थे। पेंशन और अन्य मूलभूत समस्याओं को सुन संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कले यहां 10 बजे से केम्प लगाया जायेगा इसमें पेंशन, नल और बिजली और मूलभूत समस्याओं को निराकृत किया जायें। उन्होने कहा एक सप्ताह बाद वे इसका फालोअप लेगे, कमी मिलने पर सख्त कार्यवाही की जायेगी
जानी जमीनी हकीकत
इस रात्रि चौपाल के दौरान कलेक्टर ने नन्हे बच्चो, छात्र-छात्राओं से शुरूआत की। सबसे पहले आंगनबाडी, स्कूल फिर मध्यान्ह भोजन, पोषण आहार, पेंशन, नल, बिजली एक एक कर हर विषय पर ग्रामवासियों से जमीनी सच्चाई जानी। ग्रामवासियों नें वस्तुस्थिति बताई। 5 बुर्जुगों नें पेंशन की समस्या रखी वही कुछ लोगों ने नियमित पानी आपूर्ति और कुछ वार्डो के क्षेत्रो में प्रेशर से पानी न आने की बात बताई। बिजली की समस्या भी बताई गई।
कलेक्टर श्री यादव नें सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों सें त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए।
जो विभाग के अधिकारी नही थे उन्हे नोटिस देने के निर्देश
इस मौके पर कतिपय विभागों के अधिकारी मौजूद नही रहने पर कलेक्टर नें नाराजगी जतातें हुए शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
गॉव में ही रात्रि विश्राम
ग्राम आयोजित रात्रि चौपाल करीब 11 बजे तक चलने के बाद कलेक्टर नें अधिकारियों-कर्मचारियों, मीडिया और ग्रामवासियों के साथ जमीन पर बैठकर पारंपरिक तरीके से शुद्ध ग्रामीण व्यंजन दाल बाटी, चावल, मठा और पना के साथ भोजन किया।
गॉव वाले कलेक्टर से अपनत्व पाकर हुए भाव-विभोर
रात्रि चौपाल में भोजन उपरांत चौपाल में करीब आधा घण्टे सामान्य जन चर्चा होती रही, जिसमें युवा, बुजुर्ग सभी ऐसे बतिया रहे थे जैसे कि कलेक्टर श्री यादव से पुराने परिचित हो। ग्रामवासियों के साथ ही कलेक्टर का भी अंदाज ऐसा था कि वे सब भाव विभोर थे, रात्रि विश्राम के जाते समय ग्रामवासियों नें कहा सुबह भगवान के दर्शन और पूजन में मिलने के बाद सफाई अभियान में चलेगे।
रात्रि चौपाल में भगवान के भजन कीर्तन में शामिल हुए कलेक्टर
रात्रि चौपाल मंदिर परिसर में आयोजित थी वहां ग्रामवासी के बीच कलेक्टर श्री यादव नें जमीनी हकीकत जानी वही उनके साथ मंदिर में भगवान के दर्शन कर भजन कीर्तन में भी शामिल हुए। चल रहे भजन कीर्तन में अपनी सहभागिता दी।
रात्रि विश्राम के बाद सुबह भगवान के श्रृंगार में शामिल हुए
कलेक्टर श्री यादव प्रात: 4 बजे उठकर स्नान ध्यान के बाद भगवान के श्रृंगार में शामिल होकर पूजन अर्चन किया। इस दौरान ग्रामवासी भी मौजूद रहे।
शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि शासन द्वारा दिए गए दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी अधिकारी मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।

योजनाओं की जानकारी
इस आयोजित रात्रि चौपाल में जहां एक और कलेक्टर ने जमीनी हकीकत जानी वही विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान जिला परियोजना समन्वयक मुकेश द्विवेदी ने चल रही जनगणना अभियान के संबंध में ग्राम वासियों को जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्य में भी सहभागिता करें यह अति महत्वपूर्ण कार्य है।
[metaslider id="122"]