नशे के खिलाफ जंग और देशभक्ति का जुनून लेकर आ रही राजस्थानी फिल्म ‘प्वाइंट जीरो’
26 नवंबर शाम 4 बजे यूट्यूब पर होगी रिलीज, अभिनेत्री इशिका जैन निभा रही हैं मुख्य भूमिका
राजस्थान की धरती पर हुई फिल्म की शूटिंग, सरहद पर भारतीय जवानों और रॉ एजेंट्स के संघर्ष को दर्शाएगी देशभक्ति एवं एक्शन से भरपूर कहानी
शम्भू दयाल व्यास
ब्यावर। राजस्थानी सिनेमा में देशभक्ति, साहस और सामाजिक संदेश को लेकर एक नई फिल्म ‘प्वाइंट जीरो’ (Point Zero) दर्शकों के बीच दस्तक देने जा रही है। पारस देवी प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले निर्मित इस राजस्थानी देशभक्ति एवं एक्शन फीचर फिल्म में ब्यावर निवासी अभिनेत्री इशिका जैन मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।वहीं मुख्य अभिनेता का किरदार नितिन जोशी निभा रहे हैं। फिल्म 26 नवंबर को शाम 4 बजे प्रोडक्शन हाउस के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज की जाएगी।

फिल्म ‘प्वाइंट जीरो’ की कहानी देश को नशे के जाल से मुक्त कराने, सीमा पार से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी और आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष पर केंद्रित है। फिल्म में भारतीय सीमा पर तैनात वीर जवानों तथा रॉ एजेंट्स के साहस, समर्पण और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा को प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। देशप्रेम, राष्ट्र सुरक्षा और नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश देती यह फिल्म दर्शकों में देशभक्ति की भावना जागृत करने का प्रयास करेगी।
विशेष बात यह है कि फिल्म की शूटिंग राजस्थान की विभिन्न लोकेशंस पर ही की गई है। राजस्थान की धरती, यहां के परिवेश और स्थानीय लोकेशंस को फिल्म में विशेष रूप से शामिल किया गया है, जिससे राजस्थानी सिनेमा को एक नई पहचान देने की दिशा में प्रयास किया गया है।

फिल्म का लेखन एवं निर्देशन राजस्थानी सिनेमा के निर्देशक लखविंदर सिंह ने किया है। फिल्म का निर्माण संदीप कुमार जैन एवं ममता जैन ने पारस देवी प्रोडक्शन के बैनर तले किया है। फिल्म में इशिका जैन जोया तथा नितिन जोशी अमन के किरदार में नजर आएंगे। इनके साथ ओ.पी. शर्मा, आदित्य राज तिवारी, शिखा, आबिद खान और प्रीति शर्मा सहित अन्य कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।
फिल्म का ट्रेलर 15 अगस्त 2025 को जयपुर में लॉन्च किया गया था। इसके बाद फिल्म का भव्य प्रीमियर शो जयपुर के ऐतिहासिक राज मंदिर सिनेमा में आयोजित हुआ। अब यूट्यूब पर रिलीज के साथ फिल्म देशभर के दर्शकों तक पहुंचने जा रही है।
‘प्वाइंट जीरो’ केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता और राष्ट्र की सुरक्षा में जुटे वीर जवानों के सम्मान का संदेश भी लेकर आ रही है। राजस्थानी भाषा और राजस्थान की लोकेशंस में बनी यह फिल्म क्षेत्रीय सिनेमा के माध्यम से देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का एक सार्थक प्रयास है।
[metaslider id="122"]