ब्यावर से शुरू हुई सेवा की मुहिम अब प्रदेश की सीमाओं के पार,
19 वर्षों में 158 बेटियों का मायरा भरकर संवार चुका श्रीमद् भागवत प्रभात फेरी परिवार
124वें कन्यादान आयोजन के साथ सेवा-संकल्प का नया अध्याय, बिना बाहरी सहायता के जरूरतमंद बेटियों को गृहस्थी का संपूर्ण सामान और सोने-चांदी के आभूषण भेंट कर निभा रहा सामाजिक दायित्व
ब्यावर। सेवा जब संकल्प बन जाए और संवेदना जब सामाजिक जिम्मेदारी का रूप ले ले, तो वह समाज में बदलाव की प्रेरक मिसाल बन जाती है। ब्यावर में ऐसी ही सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं की अनूठी पहचान स्थापित कर रहा है श्रीमद् भागवत प्रभात फेरी परिवार। परिवार पिछले 19 वर्षों से निरंतर जरूरतमंद कन्याओं के विवाह में कन्यादान कर उनके नए जीवन की शुरुआत को सुखद और सम्मानजनक बनाने का पुनीत कार्य कर रहा है। ब्यावर से प्रारंभ हुई यह सेवा मुहिम अब राजस्थान की सीमाओं को पार कर अन्य राज्यों तक भी पहुंच चुकी है।
परिवार की ओर से अब तक 123 कन्यादान आयोजन संपन्न किए जा चुके हैं तथा आगामी आयोजन 124वां होगा, जिसमें 158वीं कन्या का कन्यादान किया जाएगा। यह आंकड़ा महज आयोजनों की संख्या नहीं, बल्कि उन परिवारों के चेहरों पर लौटी मुस्कान और उन बेटियों के जीवन में जुड़े नए विश्वास की कहानी बयां करता है, जिन्हें इस पहल के माध्यम से सहयोग और संबल मिला है।

बेटी की नई गृहस्थी बसाने के लिए उपलब्ध करवाते हैं जरूरत का हर सामान श्रीमद् भागवत प्रभात फेरी परिवार की इस पहल की विशेषता यह है कि कन्यादान के नाम पर केवल औपचारिक रस्म अदायगी नहीं की जाती, बल्कि बेटी को नए गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए लगभग संपूर्ण घरेलू सामग्री भेंट की जाती है। इसमें डबल बेड का पलंग, गद्दे, तकिए, स्टील की अलमारी, सिलाई मशीन, प्रेस, पंखे, कुकर, रसोई के बर्तन सहित गृहस्थी में उपयोग आने वाली अनेक आवश्यक वस्तुएं शामिल होती हैं। इसके साथ ही सोने-चांदी के आभूषण एवं अन्य जरूरी सामग्री भी प्रदान की जाती है, ताकि विवाह के बाद बेटी को नई गृहस्थी बसाने में आर्थिक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़े।
भजनों की मधुर स्वर लहरियों के बीच भरते हैं बेटी का मायरा कन्यादान आयोजन को धार्मिक एवं पारिवारिक परंपराओं के अनुरूप आत्मीय वातावरण में संपन्न किया जाता है। परिवार के भजन गायकों द्वारा मायरे के पारंपरिक एवं भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुतियां दी जाती हैं। भक्ति और भावनाओं से ओतप्रोत माहौल में बेटी का मायरा भरकर उसे सम्मानपूर्वक विदा किया जाता है। इस दौरान परिवार के सदस्य अपनी बेटी मानकर कन्या के प्रति स्नेह, अपनत्व और जिम्मेदारी का निर्वहन करते हैं।
19 वर्षों से बिना बाहरी सहायता के जारी है सेवा का महायज्ञ इस सेवा अभियान की सबसे उल्लेखनीय बात यह है कि श्रीमद् भागवत प्रभात फेरी परिवार विगत 19 वर्षों से बिना किसी बाहरी सहायता के अपने स्तर पर इस पुनीत कार्य को निरंतर आगे बढ़ा रहा है। परिवार का उद्देश्य जरूरतमंद कन्याओं को केवल विवाह के अवसर पर सहयोग देना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मसम्मान के साथ नए गृहस्थ जीवन में प्रवेश करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाना है। ब्यावर से प्रारंभ हुई यह पहल आज सामाजिक संवेदना और मानवीय सेवा का व्यापक स्वरूप ले चुकी है। 124 आयोजनों की ओर बढ़ता यह सेवा अभियान और 158 कन्याओं के जीवन में खुशियों का संचार करने का संकल्प समाज के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।
श्रीमद् भागवत प्रभात फेरी परिवार के संयोजक संजय घीया ने बताया कि परिवार भविष्य में भी इसी सेवा भावना, सामूहिक समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ जरूरतमंद कन्याओं की सहायता का सिलसिला जारी रखेगा। निश्चित रूप से यह मुहिम समाज को संदेश देती है कि बेटी के विवाह में सहयोग करना केवल एक रस्म नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और सामाजिक सहभागिता का सर्वोच्च उदाहरण है।
[metaslider id="122"]