राज्यमंत्री सत्येंद्र कुमार बारी ने रामचंद्र रावत को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
बनाया महराजगंज का जिला प्रतिनिधि जनचौपाल लगाकर सुनीं जनता की समस्याएं
केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
महराजगंज। उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य एवं राज्यमंत्री स्तर प्राप्त सत्येंद्र कुमार बारी ने महराजगंज जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जनचौपाल लगाकर आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

जनचौपाल के दौरान राज्यमंत्री का सहज और आत्मीय व्यवहार लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। उन्होंने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित स्तर पर पहल करने का भरोसा दिलाया। इसी क्रम में राज्यमंत्री सत्येंद्र कुमार बारी ने रामचंद्र रावत को महराजगंज जनपद का जिला प्रतिनिधि नियुक्त करते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी। इस घोषणा के बाद रामचंद्र रावत को जनपद में सामाजिक कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर मिला है।
जिला प्रतिनिधि के रूप में रामचंद्र रावत आमजन की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने के साथ ही समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद करने का प्रयास करेंगे। इस जिम्मेदारी पर रामचंद्र रावत ने राज्यमंत्री सत्येंद्र कुमार बारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसका निर्वहन वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करेंगे।
[metaslider id="122"]