मुजफ्फरनगर में बहन को ईदी देने पर पत्नी से हुआ था झगड़ा
मुजफ्फरनगर में एक ही परिवार के 4 लोगों के शव एक कमरे में मिले हैं। कमरा अंदर से बंद था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो पति फंदे पर लटका मिला। पत्नी जमीन और दोनों बच्चे फर्श पर पड़े थे। बेटा 2 साल का और बेटी 1 महीने की थी।
घरवालों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच ईद के दूसरे दिन (22 मार्च) से झगड़ा चल रहा था। पति ने अपनी बहन को ईदी में 1700 रुपए दे दिए थे। इससे पत्नी नाराज हो गई थी। मंगलवार तड़के 4 बजे तक भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा होता रहा। इसके बाद सुबह पति-पत्नी और दोनों बच्चों की लाशें कमरे में मिलीं। दोनों की 5 साल पहले शादी हुई थी।
SSP संजय कुमार वर्मा ने बताया- शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति ने पहले पत्नी और बच्चों की हत्या की, फिर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने परिवार के एक रिश्तेदार को बुलाया और पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा खोला गया। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
बंद कमरे में चार शव मिलने से हड़कंप सरवट इलाके की गली नंबर-6 इरशाद (32), पत्नी नूरीन (28), दो साल के बेटे आहिल और एक महीने की बेटी अक्शा के साथ रहता था। इरशाद पेंटिंग का काम करता था। मंगलवार सुबह जब काफी देर तक इरशाद के घर का दरवाजा नहीं खुला, तो पड़ोसियों ने उसके भाई नौशाद को बुलाया। नौशाद जब अंदर पहुंचा तो इरशाद, उसकी पत्नी और दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी। नौशाद ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
एक साथ चार लोगों की बॉडी मिलने की खबर पर सिविल लाइन थाना प्रभारी आशुतोष कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद SSP संजय कुमार वर्मा, ASP सिद्धार्थ के. मिश्रा, CO मंडी राजू कुमार साव, डॉग स्क्वायड, एलआईयू और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
पड़ोसियों और रिश्तेदारों से हुई पूछताछ पुलिस ने घटना की कड़ियां जोड़ने के लिए पड़ोसियों और रिश्तेदारों से पूछताछ की। अफसरों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घरवालों ने पुलिस को बताया कि हाल ही में इरशाद की बहन घर आई थी, जिसे उसने ईदी के रूप में 1700 रुपए दे दिए थे। इसी बात को लेकर उसकी पत्नी नूरीन नाराज हो गई थी। दोनों के बीच इस बात को लेकर झगड़ा भी हुआ था। नूरीन ने अपने मायके पक्ष को भी इसके बारे में बताया था।
शराब के नशे में पत्नी को पीटता था इरशाद नूरीन की बहन अर्शी ने कहा- शादी के महज 22 दिन बाद ही इरशाद ने उनकी बहन को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। वह अक्सर शराब के नशे में रहता था। छोटी-छोटी बातों पर नूरीन के साथ मारपीट करता था। कई बार उसने उनके सामने ही नूरीन को बुरी तरह पीटा। उसने मेरी बहन के नाखून तक तोड़ दिए, पेट में लात मारी।
[metaslider id="122"]