मूंग भंडारण एवं व्यापार में अनियमितताओं पर प्रशासन की सख्ती

हटा अनुविभाग में गल्ला दुकानों, गोदामों और वेयरहाउस की जांच दस्तावेज जब्त कर नोटिस जारी

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देश पर हटा अनुविभाग में मूंग के भंडारण तथा नियम विरुद्ध तरीके से किए जा रहे व्यापार और गोदामों में भंडारण की लगातार जांच की जा रही है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी हटा राकेश मरकाम के नेतृत्व में प्रशासन द्वारा विभिन्न गल्ला दुकानों, गोदामों और वेयरहाउस का निरीक्षण किया गया।
आज अनुविभागीय अधिकारी हटा राकेश मरकाम एवं तहसीलदार उमेश तिवारी ने संयुक्त रूप से रनेह क्षेत्र में संचालित गल्ला दुकानों, गोदामों एवं वेयरहाउस की जांच की। जांच के दौरान कुछ स्थानों पर नियम विरुद्ध तरीके से दुकान संचालन पाए जाने पर संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए तथा संबंधितों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही हटा तहसील मुख्यालय स्थित रसीलपुर वेयरहाउस एवं श्रीवास्तव वेयरहाउस का भी अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मूंग सहित अन्य कृषि उपज के भंडारण, उपलब्ध स्टॉक एवं स्टॉक पंजी सहित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। जांच के दौरान दस्तावेज जब्त कर संबंधितों को नोटिस जारी किए गए हैं।
एसडीएम श्री मरकाम ने बताया कि मूंग के भंडारण एवं व्यापार में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए लगातार जांच एवं निगरानी की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
[metaslider id="122"]