108 वर्षों की गौरवशाली बैंकिंग विरासत का उत्सव,
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ब्यावर शाखा में धूमधाम से मना स्थापना दिवस ग्राहकों का विश्वास और बेहतर सेवाएं ही बैंक की सबसे बड़ी पूंजी : शाखा प्रबंधक
ब्यावर। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ब्यावर शाखा में बैंक का 108वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास, उत्साह एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर शाखा परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित ग्राहकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए केक काटकर स्थापना दिवस की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम के दौरान शाखा प्रबंधक ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की 108 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बैंक की ऐतिहासिक उपलब्धियों एवं देश के बैंकिंग क्षेत्र में उसके महत्वपूर्ण योगदान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बैंक ने अपने लंबे सफर में ग्राहकों के विश्वास, समर्पण और बेहतर बैंकिंग सेवाओं के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। बदलते समय के साथ बैंकिंग क्षेत्र में आए तकनीकी बदलावों को अपनाते हुए ग्राहकों को आधुनिक, सरल, सुरक्षित एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना बैंक की प्राथमिकता रही है।
उन्होंने कहा कि किसी भी बैंक की वास्तविक ताकत उसकी आर्थिक उपलब्धियों के साथ-साथ ग्राहकों का अटूट विश्वास होता है। ग्राहकों की संतुष्टि, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं के माध्यम से बैंक निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

इस अवसर पर बैंक कर्मचारियों ने भी अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए ग्राहकों को बेहतर सेवा प्रदान करने तथा बैंक की प्रतिष्ठा एवं विश्वास को और मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया। समारोह में कर्मचारियों और ग्राहकों ने एक-दूसरे को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। इस अवसर पर शाखा के समस्त कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्राहक मौजूद रहे।
[metaslider id="122"]