यह केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम-राज्यमंत्री श्री लोधी

राज्यमंत्री श्री लोधी ने ग्राम सांगा में निर्मित नवनिर्मित उप-स्वास्थ्य केन्द्र का लोकार्पण एवं दोनी में सामुदायिक भवन का किया भूमिपूजन

जबेरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत तेंदूखेड़ा के ग्राम सांगा में 65 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवनिर्मित उप-स्वास्थ्य केन्द्र का लोकार्पण एवं दोनी में 25 लाख रुपये की लागत से निर्माण होने वाले सामुदायिक भवन का प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने भूमिपूजन किया।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा यह केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम है। अब तक इस क्षेत्र के ग्रामीणों को छोटी-बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए दूर स्थित तेंदूखेड़ा या दमोह जाना पड़ता था। इससे न केवल समय की हानि होती थी, बल्कि आर्थिक रूप से भी लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता था

उन्होंने कहा कई बार समय पर उपचार न मिलने के कारण मरीजों को गंभीर परिस्थितियों का सामना करना पड़ता था।
इस नवीन उप-स्वास्थ्य केन्द्र के शुरू होने से अब ग्राम सांगा और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होंगी। सामुदायिक भवन से ग्रामवासियों को सामाजिक कार्यों के लिए सुविधा प्राप्त होगी।
#Damoh
