शासकीय स्कूल में निजी संस्थान जैसी सुविधाएं

[metaslider id="122"]

शासकीय स्कूल में निजी संस्थान जैसी सुविधाएं
===
राज्यमंत्री श्री लोधी ने आईटी लैब और प्रवेश उत्सव में की शिरकत
===

शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिकता और कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थानीय शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जबेरा में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने विद्यालय की नवनिर्मित आईटी लैब का फीता काटकर लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय की दो अन्य आधुनिक प्रयोगशालाओं का भी शुभारंभ किया। जो क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। लैब के उद्घाटन के पश्चात विद्यालय में ‘प्रवेश उत्सव’ का आयोजन किया गया।

विद्यालय के प्राचार्य मोहन सेन ने उपस्थित अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया और विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसी दौरान प्राचार्य ने विद्यालय के विस्तार हेतु एक नवीन भवन और खेल मैदान की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए राज्यमंत्री श्री लोधी के समक्ष मांग भी रखी।

इस गरिमामयी समारोह के दौरान राज्यमंत्री श्री लोधी ने विद्यालय के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं और उत्कृष्ट सेवा देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया। उन्होंने शिक्षा और खेल के क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा कि ऐसे सम्मान न केवल छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर करने की प्रेरणा देते हैं। अपने प्रेरणादायी संबोधन में मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा शिक्षक ही वह शिल्पकार है जो बच्चों के भविष्य को तराशता है। आज इस विद्यालय की प्रयोगशालाएं देखकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है, जो किसी भी निजी संस्थान से कम नहीं हैं। सरकारी नौकरियों के सीमित अवसरों के बीच, इन प्रयोगशालाओं से प्राप्त तकनीकी ज्ञान और कौशल युवाओं को स्वावलंबी बनाएगा। यहां से इलेक्ट्रिकल रिपेयरिंग और कंप्यूटर संचालन सीखकर कोई भी युवा बेरोजगार नहीं रहेगा।

[metaslider id="122"]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights