सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटनाओं पर रोकथाम के संबंध में हुई चर्चा
➡️
पन्ना जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर रोकथाम तथा इससे बचाव के लिए आवश्यक उपायों को लागू करने तथा पूर्व निर्णयों के क्रियान्वयन के संबंध में सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ऊषा परमार की अध्यक्षता में हुई बैठक के अवसर पर देवेन्द्रनगर थाना अंतर्गत बड़ागांव मोड़ से मुटवा मोड़ तक एवं बड़वारा मोड़ देवेन्द्रनगर, सलेहा थाना क्षेत्र के ददहाई मोड़ से रीछुल मोड़ तक तथा रैपुरा थाना के ग्राम कुआखेड़ा से गुदरीटेक के मध्य के ब्लैक स्पॉट पर संबंधित रोड एजेंसी को आवश्यक कार्य के लिए निर्देशित किया गया। इसके अलावा डायमण्ड चौराहा से मनौर ढाबा तक सड़क मरम्मत कार्य, नेशनल हाईवे पर छतरपुर रोड बायपास तिराहा पर प्रकाश व्यवस्था, अमानगंज-सिमरिया मार्ग पर ग्राम बिल्हा के पास सड़क मरम्मत सहित मड़ला घाटी एवं पहंुच मार्ग रोड पर मरम्मत व सुधार कार्य के निर्देश भी दिए गए। साथ ही किशोर जी मंदिर के बाहर अपना बाजार से पहले और महेन्द्र भवन से आने वाले रास्ते पर स्पीड ब्रेकर बनवाने, पन्ना-सतना मार्ग पर अशोका होटल से डीटी हॉस्पिटल के सामने की क्षतिग्रस्त रोड पर मरम्मत कार्य सहित अन्य स्थानों पर भी आवश्यक कार्यों के संबंध में चर्चा हुई।
जिला कलेक्टर ने कहा कि सभी संबंधित विभागों के अधिकारी गंभीरता के साथ सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण व रोकथाम की प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। इस दौरान गैसाबाद पुल पहुंच मार्ग के निर्माण को तत्काल शुरू कराने, वन विभाग से संबंधित मुद्दों के निराकरण तथा सुप्रीम कोर्ट के 17 नवम्बर 2025 को एक प्रकरण में पारित निर्णय के अनुसार मड़ला घाटी सड़क मार्ग से भारी वाहनों के रात्रि में आवागमन को प्रतिबंधित करने के संबंध में भी विचार विमर्श किया गया। इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट की गाईडलाइन का क्रमशः पालन सुनिश्चित करवाने का निर्णय भी लिया गया। बैठक में उप संचालक पन्ना टाईगर रिजर्व वीरेन्द्र पटेल सहित कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग जे.पी. सोनकर, आरटीओ सुनील शुक्ला, यातायात प्रभारी नीलम लक्षकार भी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #panna
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
Pannapolice
