सुलतानपुर सुलतानपुर जनपद में सोशल मीडिया पर सामने आई शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी कुमार हर्ष के निर्देश पर sdm (सदर) विपिन द्विवेदी एवं जिला पूर्ति अधिकारी जीवेश मौर्य द्वारा संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बस अड्डा स्थित अमेठी गैस सर्विस के कार्यालय एवं गोदाम पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर सहित सभी आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की। साथ ही जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग दर्ज थी, उनके मोबाइल नंबरों पर फोन कर गैस आपूर्ति की स्थिति के बारे में जानकारी ली गई। उपभोक्ताओं से यह भी पूछा गया कि उन्हें समय पर गैस सिलेंडर मिल रहा है या नहीं तथा डिलीवरी के दौरान किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क तो नहीं लिया जा रहा है। जांच के दौरान सभी उपभोक्ताओं ने गैस वितरण व्यवस्था को संतोषजनक बताया।
एसडीएम एवं जिला पूर्ति अधिकारी की संयुक्त कार्रवाई से गैस की संभावित कालाबाजारी करने वालों में हड़कंप मच गया है। जिला पूर्ति अधिकारी जीवेश मौर्य ने बताया कि यह अभियान आगे भी प्रतिदिन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को किसी प्रकार की शिकायत हो तो वह कार्यालय के कंट्रोल रूम नंबर पर सूचना देकर अवगत करा सकता है, जिस पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय रहते अपनी गैस बुकिंग कराएं। यदि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो तत्काल कार्यालय के कंट्रोल नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि शिकायत पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी विपिन द्विवेदी, जिला पूर्ति अधिकारी जीवेश मौर्य एवं सप्लाई इंस्पेक्टर वैभव श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
एसडीएम सदर विपिन द्विवेदी ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर तत्काल अमेठी गैस सर्विस पर छापेमारी की गई। उन्होंने बताया कि एजेंसी के सभी अभिलेखों की गहन जांच की गई तथा एजेंसी संचालक को निर्देश दिए गए हैं कि बुकिंग एवं डिलीवरी के दौरान उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की समस्या न हो। शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि जनपद में गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए अफवाहों पर ध्यान न दें और धैर्य बनाए रखें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर कंट्रोल रूम नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं, जिस पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

