साल्हेवारा बांध में बाढ़ बचाव की मॉक ड्रिल,
एनडीआरएफ ने ग्रामीणों और नाव सवारों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया
खैरागढ़, 19 नवंबर 2026 खैरागढ़–छुईखदान–गंडई जिले के तहसील खैरागढ़ के साल्हेवारा बांध में बाढ़ से बचाव की तैयारियों को परखने के लिए जिला स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की गई। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की तीसरी बटालियन, कटक के 30 सदस्यीय दल ने कमांडेंट आदित्य रेड्डी के नेतृत्व में बाढ़ में फंसे ग्रामीणों को निकालने और नाव पलटने पर सवारों को बचाने का अभ्यास किया। इस अवसर पर कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर और डिप्टी कलेक्टर श्रीमती पूजा पींचा उपस्थित थे, प्रशिक्षण का एक हिस्सा बाढ़ के समय घर में उपलब्ध सामान के उपयोग पर केंद्रित रहा, एनडीआरएफ के सदस्यों ने पानी की खाली बोतलों, तेल के खाली पीपों और जेरिकेन से पानी में तैरने वाले अस्थायी उपकरण बनाकर दिखाए

दल ने समझाया कि बाढ़ में घिरने पर ये उपकरण बचावकर्मियों के पहुंचने तक पानी की सतह पर बने रहने में किस तरह सहारा दे सकते हैं। इस प्रदर्शन के माध्यम से प्रतिभागियों ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध साधनों का उपयोग और प्रशिक्षित बचाव दल की भूमिका, दोनों को व्यावहारिक रूप में देखा।
