ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझी, गांजा तस्करी के वर्चस्व की लड़ाई में हुई थी युवक की हत्या
कौशल किशोर वासनिक की अगुवाई में पुलिस टीम ने दिखाई कार्यकुशलता, 1000 से अधिक CCTV कैमरों और AI तकनीक की मदद से अंतरजिला हत्याकांड का पर्दाफाश
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने एक बेहद पेचीदा और सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की है। चौकी बया के वनांचल क्षेत्र में मिले अज्ञात युवक के नग्न शव की पहचान से लेकर हत्याकांड की साजिश का पर्दाफाश करने तक पुलिस ने शानदार कार्यकुशलता का परिचय दिया है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (कैंप कसडोल) कौशल किशोर वासनिक के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अंतरजिला पुलिस समन्वय के जरिए इस अंधे कत्ल का खुलासा किया। मामले में 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 02 विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है।

जंगल में मिला था निर्वस्त्र शव, पुलिस के सामने थी बड़ी चुनौती पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को चौकी बया अंतर्गत ग्राम मुरुमडीह और रायतुंम के बीच जंगल के सुनसान रास्ते पर लगभग 20 वर्षीय युवक का शव मिला था। मृतक के शरीर पर चाकू से किए गए कई गहरे घाव थे। सीने पर अंग्रेजी में KP और हाथों पर टैटू बने हुए थे। शव निर्वस्त्र अवस्था में मिलने से उसकी पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था।
गांजा तस्करी के वर्चस्व और प्रतिशोध में रची गई हत्या की साजिश जांच में पुलिस के मुताबिक, मृतक करन डोंगरे उर्फ KP और आरोपी मादक पदार्थ गांजा के अवैध कारोबार से जुड़े थे। इसी कारोबार में वर्चस्व और पुराने विवाद को लेकर रंजिश चल रही थी। पुलिस ने बताया कि अमरजीत सिंह सोनी के पुत्र शिवा की अक्टूबर माह में हुई हत्या का बदला लेने के उद्देश्य से करन डोंगरे की हत्या की साजिश रची गई थी।

1000 से अधिक CCTV कैमरे और AI तकनीक बनी जांच का आधार इस मामले को सुलझाने के लिए पुलिस टीम ने बया से पटेवा, संबलपुर, नया रायपुर, रायपुर और दुर्ग-भिलाई तक के मार्गों पर लगे 1000 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्ध वाहनों की आवाजाही और समय का मिलान करने के लिए AI तकनीक का भी उपयोग किया गया। घटनास्थल पर मिले टायरों के निशान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से दो कारों की संलिप्तता सामने आई।
जांच के दौरान मृतक की पहचान करन डोंगरे उर्फ KP के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने उसे काम दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया और KIA कार से ले जाकर सुनसान जंगल में चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसके कपड़े भी उतार दिए गए थे। दुर्ग में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा वाहनों की तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची। दुर्ग पुलिस के सहयोग से दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

05 आरोपी गिरफ्तार, 02 बालक निरुद्ध पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद अनस असरफी, सैय्यद अल्ताफ अली उर्फ फरजान, राज यादव उर्फ सांई, राहुल दास मानिकपुरी तथा अमरजीत सिंह सोनी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
वाहन और हथियार जब्त पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू, वैगनआर कार क्रमांक CG 07 CE 3638, KIA कार क्रमांक CG 04 QB 5060 तथा एक स्कूटी जब्त की है।

पुलिस की कार्यशैली की हो रही सराहना यह कार्रवाई बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की तकनीकी दक्षता, सूक्ष्म विवेचना, टीमवर्क और अंतरजिला समन्वय का उल्लेखनीय उदाहरण है। विशेष रूप से 1000 से अधिक CCTV कैमरों के विश्लेषण और AI तकनीक के उपयोग से एक ऐसे हत्याकांड का खुलासा हुआ, जिसमें मृतक का घटनास्थल वाले जिले से कोई पूर्व संबंध नहीं था।
उप पुलिस अधीक्षक कौशल किशोर वासनिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जिस सूझबूझ और मेहनत से इस अनसुलझे हत्याकांड की परतें खोलीं, वह सराहनीय है।बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई ने अपराधियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध करके कानून की नजरों से बचना आसान नहीं है।
नोट: समाचार पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा 09 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है। आरोपियों के विरुद्ध न्यायालयीन कार्रवाई जारी है।
[metaslider id="122"]