अजब मप्र गजब मप्र। रीवा लोकायुक्त द्वारा 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए मेडिकल ऑफिसर डॉ. महेश चंद्र शर्मा से जुड़ा

[metaslider id="122"]

अजब मप्र गजब मप्र। रीवा लोकायुक्त द्वारा 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए मेडिकल ऑफिसर डॉ. महेश चंद्र शर्मा से जुड़ा एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। जांच में पता चला है कि उनकी एक ही समय में मध्य प्रदेश के तीन अलग-अलग जिलों में पदस्थापना दर्ज थी। इस खुलासे के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, डॉ. महेश चंद्र शर्मा वर्ष 2021 से श्योपुर जिले के विजयपुर ब्लॉक में संविदा मेडिकल ऑफिसर के रूप में पदस्थ थे। इसके बाद वर्ष 2023 में उनकी खरगोन जिले के सेगांव ब्लॉक स्थित केली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी पदस्थापना दर्ज मिली।

इतना ही नहीं, वर्ष 2024-25 के दौरान उनकी नियुक्ति शहडोल जिले के जयसिंहनगर विकासखंड के उफरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी हो गई। एक ही समय में तीन जिलों में सेवा और वेतन भुगतान को लेकर अब गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

खरगोन से मिली जानकारी के अनुसार, डॉ. शर्मा लंबे समय तक गैरहाजिर रहे। 8 जून को एक डिलीवरी केस के दौरान भी उनकी अनुपस्थिति दर्ज की गई, जिसके बाद जिला प्रशासन ने उनके खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की थी।

हैरानी की बात यह भी है कि तीनों जिलों में समय-समय पर उनकी वीआईपी ड्यूटी भी लगती रही, लेकिन किसी स्तर पर दोहरी या तिहरी पदस्थापना का मामला सामने नहीं आया। इससे विभागीय निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

शहडोल में सार्थक ऐप पर उनकी उपस्थिति लगातार कम दर्ज होने के कारण पिछले कुछ महीनों से उनका वेतन भी रोक दिया गया था। उपस्थिति की जांच के दौरान ही पूरे मामले का खुलासा हुआ।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित जिले के सीएमएचओ से सेवा संबंधी रिकॉर्ड मांगा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि रीवा लोकायुक्त की टीम ने हाल ही में डॉ. महेश चंद्र शर्मा को जयसिंहनगर बस स्टैंड पर 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। अब उनकी कथित तिहरी पदस्थापना की भी जांच शुरू हो गई है।

[metaslider id="122"]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights