विशेष जांच दल द्वारा पन्ना जिले में कफ सिरप के अवैध भंडारण एवं क्रय-विक्रय पर बड़ी कार्रवाई, दो औषधि प्रतिष्ठान सीलबंद

नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देश तथा कलेक्टर पन्ना के मार्गदर्शन में वरिष्ठ कार्यालय, भोपाल द्वारा गठित विशेष जांच दल ने जिले में आपूर्ति किए गए कफ सिरप की जांच के संबंध में दिनांक 03 से 05 जुलाई तक सघन निरीक्षण दल द्वारा जांच कार्रवाई संपादित की।

जांच दल द्वारा ग्राम कटन, तहसील गुन्नौर स्थित मेसर्स बागरी ड्रग एजेंसी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि फर्म द्वारा विगत एक माह में क्रय की गई लगभग 45,000 बोतल कफ सिरप के विक्रय संबंधी अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके अतिरिक्त, निरीक्षण में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 तथा उसके अंतर्गत निर्मित नियमावली, 1945 के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन भी पाया गया। प्राप्त अनियमितताओं के आधार पर नियमानुसार उक्त औषधि प्रतिष्ठान को सीलबंद कर दिया गया।
इसी क्रम में देवेंद्रनगर, जिला पन्ना स्थित मेसर्स देवनाथ फार्मा का निरीक्षण किया गया। साथ ही संबंधित फर्म अनाधिकृत स्थान पर संचालित पाई गई। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि फर्म द्वारा विगत दो माह में लगभग 89,000 बोतल कफ सिरप की खरीद की गई थी। जांच दल द्वारा फर्म से संबंधित अभिलेखों की जांच एवं अन्य औषधियों की जब्ती संबंधी कार्रवाई की गई। जांच दल पुनः संबंधित स्थल पर पहुंचा, तब तक मकान मालिक एवं दुकान संचालक मुख्य द्वार पर ताला लगाकर परिवार सहित अनुपस्थित पाए गए। नियमानुसार संबंधित परिसर को सीलबंद कर दिया गया तथा प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।
#JansamparkMP #panna
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
