चाणक्य न्यूज़ इंडिया। दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां चाय पीने के बाद एक ही परिवार के तीन लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर तीनों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। फिलहाल डॉक्टर इसे फूड प्वाइजनिंग का मामला मान रहे हैं।

मामला ग्राम आंजनी बेलखेड़ी का है। जानकारी के अनुसार पुस्सु पटेल, उनकी बेटी शिवानी पटेल और बेटा महेंद्र पटेल ने गुरुवार रात घर में बनी चाय पी थी। चाय पीने के कुछ ही देर बाद तीनों को तेज उल्टियां शुरू हो गईं और उनकी हालत बिगड़ने लगी।
परिजनों के मुताबिक पुस्सु पटेल जंगल से घर लौटे थे और उन्होंने बेटी शिवानी से चाय बनाने को कहा था। चाय बनने के बाद पिता और दोनों बच्चों ने उसे पिया। इसके बाद अचानक तीनों की तबीयत खराब हो गई। घबराए पुस्सु पटेल ने रिश्तेदार मंगल पटेल को फोन कर मदद मांगी।
मंगल पटेल तुरंत मौके पर पहुंचे और तीनों को बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दमोह जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान पुस्सु पटेल की हालत अधिक गंभीर पाई गई, जिसके बाद तीनों को बेहतर उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
परिजन चाय पत्ती का पैकेट भी अपने साथ अस्पताल लेकर पहुंचे, ताकि बीमारी के कारणों की जांच की जा सके।
ड्यूटी डॉक्टर के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला फूड प्वाइजनिंग का प्रतीत होता है। पुलिस को भी सूचना दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।
[metaslider id="122"]