पटेरा में चोरों का आतंक, एक ही रात में 6-7 जगह चोरी से मचा हड़कंप
खाली मकानों को बनाया निशाना, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

पटेरा। दमोह जिले के थाना पटेरा क्षेत्र में एक बार फिर चोरों की सक्रियता ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बीती रात चोरों ने एक साथ कई स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने खासतौर पर उन घरों और कार्यालयों को निशाना बनाया जो खाली थे।

जानकारी के अनुसार हटा रोड स्थित मुक्तिधाम के पास बने मकानों में चोरों ने धावा बोला। सुबह जब सरपंच महेश दुबे अपने कार्यालय पहुंचे तो वहां का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। चोर कार्यालय में रखी गोदरेज अलमारी को भी उठाकर करीब 200 मीटर दूर ले गए, जहां उसे तोड़कर खंगाला गया और बाद में वहीं छोड़कर फरार हो गए।
इसी तरह मुलु साहू की गोदाम का भी ताला टूटा मिला। गोदाम के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। इसके अलावा चोपड़ा रोड पर भी करीब तीन मकानों के ताले टूटे पाए गए और चोरी की वारदात सामने आई।
एक ही रात में 6-7 स्थानों पर चोरी की घटना से पटेरा नगर में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बावजूद रात्रि गश्त व्यवस्था प्रभावी नजर नहीं आ रही है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और रात्रि गश्त को मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
एक साथ इतनी बड़ी चोरी की वारदात ने पटेरा की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
[metaslider id="122"]