*राज्य प्रावीण्य सूची में नवांकुर-डॉल्फिन का दबदबा, 5 विद्यार्थियों ने बनाई जगह*
*देवेन्द्र रघुवंशी,गंजबासौदा।* माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा बुधवार को घोषित किए गए हाईस्कूल व हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम में नवांकुर और डॉल्फिन स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया। हाईस्कूल परीक्षा में दोनों विद्यालयों के कुल पांच विद्यार्थियों ने राज्य की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
विद्यालय के प्राचार्य शैलेंद्र कुमार दीक्षित ने बताया कि विद्यालय में उत्तम शैक्षणिक सुविधाओं के कारण ही यहां के विद्यार्थी हर साल ऊंचाइयों को तो छू ही रहें। इसके साथ साथ खेल और अन्य गतिविधियों में भी नगर का नाम राज्य स्तर और राष्ट्रीय स्तर पर गौरान्वित कर रहे हैं। नवांकुर हाईस्कूल की छात्रा सुहानी भदौरिया ने 496 अंक प्राप्त कर प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया। वहीं गौरव कुशवाह ने 495 अंकों के साथ पांचवां स्थान हासिल किया। डॉल्फिन स्कूल की उपासना जाट और मनन सुमन ने 492 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से आठवां स्थान प्राप्त किया, जबकि भाविका राठौर ने 490 अंक के साथ प्रदेश में दसवां स्थान हासिल किया।
*हाईस्कूल में शानदार परिणाम*
नवांकुर हाईस्कूल से 145 विद्यार्थियों में से 130 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जिनमें 120 प्रथम श्रेणी और 10 द्वितीय श्रेणी में रहे। विद्यालय का परीक्षा परिणाम 89.6 प्रतिशत रहा। वहीं डॉल्फिन स्कूल में 143 में से 138 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जिनमें 125 प्रथम श्रेणी और 13 द्वितीय श्रेणी में रहे। यहां कुल परीक्षा परिणाम 96.5 प्रतिशत दर्ज किया गया।
*हायर सेकेंडरी में भी लहराया परचम*
हायर सेकेंडरी में कुल 254 विद्यार्थियों में से 239 विद्यार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए। इनमें 227 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी और 12 ने द्वितीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की। कुल परीक्षा परिणाम 94.48 प्रतिशत रहा। 157 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किए, जिन्हें मुख्यमंत्री लैपटॉप योजना के तहत ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि मिलने की पात्रता होगी।
*संकायवार टॉपर्स रहे अव्वल*
गणित संकाय (अंग्रेजी माध्यम) में प्रशंसा सुमन 481 अंकों के साथ प्रथम रहीं, जबकि हिंदी माध्यम में नंदिनी साहू 475 अंकों के साथ अव्वल रहीं। विज्ञान संकाय में अर्पित गौर (474) अंग्रेजी माध्यम और संजय विश्वकर्मा (441) हिंदी माध्यम में प्रथम रहे। वाणिज्य संकाय में मयंक रघुवंशी (470) अंग्रेजी माध्यम और सेजल बघेल (456) हिंदी माध्यम में शीर्ष पर रहीं। कृषि विज्ञान संकाय में हर्ष दांगी और राम प्रवेश रघुवंशी ने 467 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। विद्यालय की कृषि विज्ञान, वाणिज्य (अंग्रेजी माध्यम) और गणित (अंग्रेजी माध्यम) का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा।
*तपोवन का परिणाम भी 100%*
नवांकुर विद्यापीठ तपोवन हाईस्कूल में सभी 10 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए और परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत रहा। यहां की छात्रा मोक्षा विश्वकर्मा मात्र एक अंक से राज्य की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने से चूक गईं। इस अवसर पर संपूर्ण विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राज्य प्रावीण्य सूची में नवांकुर-डॉल्फिन का दबदबा, 5 विद्यार्थियों ने बनाई जगह
[metaslider id="122"]
