➡️ दीपावली पर्व के दृष्टिगत पटाखों के विक्रय, भण्डारण के संबंध में कलेक्टर ने सभी SDM को दिए निर्देश
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सागर श्रीमती प्रतिभा पाल ने आगामी दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जिले के समस्त अनुभागों में पटाखों के विक्रय, भण्डारण की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने हेतु समस्त अनुविभागीय दण्डाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेशानुसार आम जनता की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिए गए हैं, जिसमें
राउण्डवार ड्यूटी लगाई जाए – अनुविभाग में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए, जो पर्व अवधि के दौरान नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति का निरीक्षण करें। विशेष रूप से बाजार क्षेत्रों, पटाखा बिक्री स्थलों, अस्थायी दुकानों एवं संभावित भण्डारण स्थलों पर सतत निगरानी रखें।
थोक एवं फुटकर विक्रेताओं की जांच – अनुविभाग अंतर्गत जितने भी थोक, फुटकर एवं अस्थायी पटाखा विक्रेता कार्यरत हैं, उनकी संपूर्ण जांच की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी विक्रेता बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का विक्रय न कर रहा हो।
अवैध निर्माण, भण्डारण एवं विक्रय पर पूर्णतः रोक – अनुविभाग अंतर्गत यह विशेष रूप से सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यक्ति अथवा संस्था किसी भी प्रकार से अवैध रूप से पटाखों का निर्माण, भण्डारण या विक्रय न कर रही हो। इन तीनों बिंदुओं पर कड़ाई से निगरानी रखी जाए और नियमित निरीक्षण दल गठित कर प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए।
अन्य निर्देश
कोई भी विक्रेता अवैध अथवा प्रतिबंधित श्रेणी के पटाखों का भण्डारण या विक्रय न कर रहा हो।
किसी भी दुकान या गोदाम में लाइसेंस सीमा से अधिक मात्रा में पटाखों का स्टॉक न हो।
भण्डारण एवं विक्रय स्थलों पर विस्फोटक नियमों के तहत सुरक्षा दूरी, अग्निशमन उपकरण एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन हो।
सभी दुकानदारों के पास मूल बिल एवं क्रय रसीदें उपलब्ध हों, जिससे माल की वैध आपूर्ति का सत्यापन किया जा सके।
यदि किसी स्थान पर बिना लाइसेंस के विक्रय, अवैध भण्डारण या निर्माण गतिविधि पाई जाती है, तो तत्क्षण पुलिस एवं संबंधित विभाग के सहयोग से विधिक कार्रवाई की जाए तथा प्रकरण की सूचना इस कार्यालय को शीघ्र प्रेषित करें।
यह भी सुनिश्चित किया जाए कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध पटाखा विक्रय नेटवर्क या गोदाम सक्रिय न रह सके।
इन सभी बिंदुओं की निगरानी हेतु संबंधित राजस्व, पुलिस, नगरपालिका, अग्निशमन विभाग आदि विभाग के अधिकारियों का एक संयुक्त निरीक्षण दल बनाया जाए, जो प्रतिदिन क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति का प्रतिवेदन प्रस्तुत करे।
किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी निश्चित की जाएगी।
#jansamparkMP #sagar
