महाप्रभु की सेवा में श्रद्धा से अर्पित हुआ छप्पन भोग, बृज अग्रवाल की भजन संध्या आज
गंजबासौदा। रथ यात्रा महोत्सव के अंतर्गत स्टेशन रोड स्थित श्री नौलखी मंदिर में विराजमान महाप्रभु श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा की सेवा में सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और समर्पण के साथ भव्य छप्पन भोग अर्पित किया गया। छप्पन भोग की प्रसादी वीरेंद्र रघुवंशी (गुरोद) द्वारा आयोजित सेवा में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और महाप्रभु के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। रथ यात्रा महोत्सव के अंतर्गत धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला निरंतर जारी है। मंगलवार रात्रि 9 बजे से सुप्रसिद्ध भजन गायक बृज अग्रवाल द्वारा बृज रस से ओत-प्रोत भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी जाएगी। उनके भजनों में श्रीकृष्ण की बाल एवं रास लीलाओं के साथ श्रीजगन्नाथ महाप्रभु की महिमा का रसपूर्ण गायन होगा, जिसका श्रद्धालु बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
उल्लेखनीय की स्टेशन रोड स्थित नौलखी मंदिर में धूमधाम के साथ भगवान महाप्रभु जगन्नाथ जी का महोत्सव मनाया जा रहा है। सोमवार को महाप्रभु को छप्पन भोग अर्पित करने से पूर्व वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाप्रभु का विशेष श्रृंगार एवं पूजन-अर्चन किया गया। इसके पश्चात विभिन्न प्रकार के मिष्ठान, फल, पेय पदार्थ एवं पारंपरिक व्यंजनों सहित 56 प्रकार के नैवेद्य श्रद्धा भाव से महाप्रभु को समर्पित किए गए। संकीर्तन और महाआरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर “जय जगन्नाथ” और हरिनाम संकीर्तन से गुंजायमान हो उठा। उपस्थित श्रद्धालु भक्ति की मधुर धारा में डूबकर देर रात तक कीर्तन में सहभागी बने रहे। इस अवसर पर ग्राम गुरोद भजन मंडली ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी। श्रीजगन्नाथ महाप्रभु, भगवान श्रीकृष्ण एवं श्रीहरि की महिमा का गुणगान करते हुए प्रस्तुत भजनों ने ऐसा आध्यात्मिक वातावरण निर्मित किया कि श्रद्धालु भावविभोर होकर प्रभु की भक्ति में लीन हो गए। कई भक्त भजनों की धुन पर झूमते हुए हरिनाम का संकीर्तन करते रहे। महाआरती के पश्चात महाप्रभु को अर्पित छप्पन भोग की महाप्रसादी श्रद्धालुओं में वितरित की गई। भक्तों ने इसे महाप्रभु का दिव्य प्रसाद मानकर श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया। श्री नौलखी मंदिर में चल रहे रथ यात्रा महोत्सव के दौरान प्रतिदिन श्रीजगन्नाथ महात्म्य कथा, विशेष पूजा-अर्चना, संकीर्तन, महाआरती एवं विभिन्न धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा एवं पुष्पों से सजाया गया है, जिससे पूरा परिसर दिव्य एवं भक्तिमय वातावरण से आलोकित हो रहा है। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से मंगलवार के कार्यक्रम में भी अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर महाप्रभु की कृपा एवं भक्ति रस का लाभ लेने की अपील की है।
*नौलखी में बृज अग्रवाल की भजन संध्या आज*
रथ यात्रा महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार रात्रि 9 बजे से श्री नौलखी मंदिर में प्रसिद्ध भजन गायक बृज अग्रवाल द्वारा भव्य बृज रस भजन संध्या प्रस्तुत की जाएगी। प्रसिद्ध भजन गायक स्वर्गीय विनोद अग्रवाल की चित परिचित शैली में वह अपने मधुर एवं भावपूर्ण भजनों के माध्यम से वे श्रीकृष्ण और महाप्रभु श्रीजगन्नाथ की दिव्य लीलाओं का रसपान कराएंगे। आयोजन समिति के अनुसार भजन संध्या में ब्रज के पारंपरिक पदों, संकीर्तन और भक्तिमय प्रस्तुतियों से मंदिर परिसर कृष्णमय वातावरण में सराबोर हो जाएगा। नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आध्यात्मिक संध्या का लाभ लेने का आग्रह किया गया है।
*नौलखी में बृज अग्रवाल की भजन संध्या आज*
[metaslider id="122"]
