मृतकों के परिवार को 9-9 लाख, घायलों को ढाई-ढाई लाख रुपए देगी सरकार
अनूपपुर जिले के कोतमा बस स्टैंड के पास शनिवार शाम अग्रवाल लॉज की तीन मंजिला इमारत ढह गई। हादसे में हनुमान दीन यादव (55) और इनके साले राम कृपाल यादव (40) की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हैं। रविवार सुबह करीब 11 बजे एक महिला का शव मिला। अब मृतकों की संख्या तीन हो गई है। अभी महिला की पहचान नहीं हुई है।
करीब 19 घंटे बाद भी रेस्क्यू जारी है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, लोकल समेत 100 से ज्यादा लोग मलबा हटाने में जुटे हैं। वहीं सर्चिंग के लिए भिलाई और बनारस से भी टीमें बुलाई गई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिल्डिंग गड्ढे की ओर झुककर गिरी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पास में निर्माण के लिए करीब 12 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था, जिसमें पानी भरने से नींव कमजोर हो सकती है।
निर्माण की अनुमति को लेकर भी सवाल उठे हैं। नगर पालिका का कहना है कि दस्तावेज देखने के बाद ही स्थिति साफ होगी। वहीं कलेक्टर हर्षल पंचोली ने सरकार की तरफ से प्रत्येक मृतक के परिवार को 9-9 लाख और घायलों को ढाई-ढाई लाख रुपए देने की घोषणा की।

