बलरामपुर! जनपद बलरामपुर में अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी सेंटरों के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में श्रीदत्तगंज क्षेत्र स्थित बलरामपुर पैथोलॉजी एंड एक्स-रे सेंटर पर छापेमारी कर उसे सीज कर दिया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मुकेश कुमार रस्तोगी के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान पाया गया कि सेंटर पर आदित्य कुमार श्रीवास्तव द्वारा कार्य किया जा रहा था, जबकि उनका नाम आधिकारिक रजिस्ट्रेशन में दर्ज नहीं था। इसके साथ ही सेंटर पर अप्रशिक्षित स्टाफ द्वारा भी कार्य किया जा रहा था, जो
गंभीर लापरवाही की श्रेणी में आता है। इन अनियमितताओं को देखते हुए टीम ने तत्काल प्रभाव से सेंटर को सीज कर दिया।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि संबंधित मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में बिना पंजीकरण या नियमों के विरुद्ध संचालित किसी भी चिकित्सालय या पैथोलॉजी सेंटर को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रस्तोगी ने सभी संचालकों को निर्देशित किया है कि वे शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं नियमों का पूर्णतः पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

