DIG मुनिराज का संभल दौरा: महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण पर जोर
मुरादाबाद परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक मुनिराज ने संभल थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
आज दिनांक 17 मार्च 2026 को मुरादाबाद रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री मुनिराज ने पुलिस अधीक्षक संभल श्री कृष्ण कुमार के साथ थाना संभल का वार्षिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, कार्यालय, हवालात, भोजनालय, महिला हेल्प डेस्क और साइबर हेल्प डेस्क सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। साथ ही ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।DIG मुनिराज ने मिशन शक्ति केंद्र में तैनात पुलिसकर्मियों को महिलाओं से संबंधित शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन कर उन्हें नियमित रूप से अपडेट रखने और सही रख-रखाव के निर्देश दिए।
मालखाने में रखे शस्त्रों और दंगा नियंत्रण उपकरणों की स्थिति का भी जायजा लिया गया। पुलिसकर्मियों से शस्त्र संचालन का अभ्यास कराया गया तथा लंबित माल मुकदमाती और लावारिस वाहनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
टॉप-10 अपराधियों की सूची की समीक्षा करते हुए उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई तेज करने को कहा गया। साथ ही वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
बीट पुलिसिंग को सुदृढ़ करने के लिए बीट बुक की जांच की गई और ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक कर उन्हें सतर्क रहने तथा हर छोटी-बड़ी सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के अंत में थाना प्रभारी और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर महिला संबंधी मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी कुलदीप सिंह, क्षेत्राधिकारी संभल आलोक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इसके बाद प्रेस वार्ता कर निरीक्षण की जानकारी दी गई।

