दमोह शराब के नशे में बस चलाते मिला चालक, बस जब्त; बिना परमिट दो बसों पर ₹20 हजार जुर्माना
दमोह। जिले में यात्री बसों की जांच के दौरान यातायात पुलिस ने शराब के नशे में बस चलाने वाले चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बस जब्त की है। वहीं, बिना वैध परमिट संचालित हो रहीं दो बसों से कुल 20 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला गया।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देशन और यातायात थाना प्रभारी दलबीर सिंह मार्को के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने बसों की सघन जांच की। इस दौरान बीमा, फिटनेस, परमिट, प्रदूषण प्रमाण-पत्र (पीयूसी) और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की गई। साथ ही ब्रेथ एनालाइजर से चालकों की जांच भी की गई।
नशे में मिला चालक, बस जब्त
जांच के दौरान बस क्रमांक MP 49 P 0289 का चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाया गया। पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बस जब्त कर ली। मामले को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
दो बसों से वसूले 20 हजार रुपए
जांच में बस क्रमांक MP 20 PA 1432 और MP 20 XG 6702 के पास वैध परमिट नहीं मिला। इस पर दोनों बसों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10-10 हजार रुपए, कुल 20 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला गया। यातायात पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान जारी रखने की बात कही।
[metaslider id="122"]