भोपाल में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने की जनसुनवाई, 50 से अधिक आवेदनों का हुआ निराकरण
महिलाओं से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया राहटकर ने बुधवार को भोपाल में जनसुनवाई की। इस दौरान प्राप्त 50 से अधिक आवेदनों पर सुनवाई करते हुए कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

श्रीमती राहटकर ने भोपाल स्थित शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई महाविद्यालय, पॉलिटेक्निक चौराहा में महिलाओं से संबंधित विभिन्न शिकायतों और समस्याओं को सीधे सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कई प्रकरणों का त्वरित समाधान कराया।
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में देशभर में महिला आयोग द्वारा विशेष जनसुनवाई आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में भोपाल में भी यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिससे महिलाओं को अपनी समस्याएँ सीधे आयोग के समक्ष रखने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि जो महिलाएँ विभिन्न कारणों से आयोग तक नहीं पहुँच पातीं, उनके पास स्वयं पहुँचकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना आयोग की प्राथमिकता है।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस आयुक्त भोपाल श्री संजय कुमार, कलेक्टर श्री कौशलेंद्र विक्रम सिंह, एसीपी श्रीमती मोनिका शुक्ला सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

इस प्रकार की विशेष जनसुनवाई के माध्यम से महिलाओं को अपनी समस्याएँ सीधे राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है, जिससे उनके मामलों के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
CM Madhya Pradesh
National Commission for Women
Jansampark Madhya Pradesh
#Bhopal
