नीरज सोलंकी
हाटपीपल्या/मध्यप्रदेश
देवास जिले के हाटपीपल्या में 30 वर्षीय महेश माली के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवक 11 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे घर से बिना बताए चला गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला, जिसके बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
इंदौर में चल रहा था इलाज
महेश माली पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनका इंदौर के सीएचएल केयर हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। 11 अक्टूबर की सुबह घर से जाने के बाद जब वे काफी देर तक वापस नहीं लौटे, तो परिवार ने उनकी तलाश शुरू की।
मोबाइल भी आ रहा बंद
महेश के पिता बिहारिलाल माली ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा सुबह घर से निकला था और उसके बाद से उसका कोई पता नहीं है। परिजनों ने महेश के मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली।
पुलिस ने शुरू की तलाश
परिवार ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा महेश का अपहरण किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच प्रधान आरक्षक अनिल मणि कर रहे हैं। पुलिस युवक की तलाश में जुटी है।
[metaslider id="122"]