नीरज सोलंकी
हाटपीपल्या मध्यप्रदेश
देवास जिले के हाटपीपल्या थाना क्षेत्र के घूसट गांव में दुष्कर्म के मामले में राजीनामे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट और पथराव में बदल गया। दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला करने के आरोप है। घटना में महिलाओं समेत 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
राजीनामा नहीं करने पर धमकाने का आरोप
पहले पक्ष के फरियादी नंदकिशोर बंजारा (35) ने पुलिस को बताया कि उनके पिता भावसिंह गांव और समाज के पटेल हैं। गांव का पप्पू उर्फ माखन बंजारा दुष्कर्म के मामले में जेल से छूटकर आया है।
फरियादी के अनुसार, पप्पू के पक्ष में राजीनामा कराने के लिए रमेश, जितेंद्र और राजकुमार उनके घर पहुंचे थे। परिवार ने राजीनामा करने से इनकार किया तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसके बाद कुछ अन्य लोगों को बुलाकर लाठी-डंडों से मारपीट की गई और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
अभद्र टिप्पणी के विरोध पर मारपीट का आरोप
दूसरे पक्ष के राजकुमार बंजारा (26) ने आरोप लगाया कि वह अपने भाई जितेंद्र के साथ गांव में आ रहा था। इसी दौरान नंदकिशोर और उसके साथियों ने उनके परिवार पर अभद्र टिप्पणियां कीं।
राजकुमार के अनुसार, विरोध करने पर उनका मोबाइल छीनकर फेंक दिया गया और मारपीट शुरू कर दी गई। बचाव में आए परिजनों पर भी हमला किया गया।
कुल्हाड़ी के साथ पथराव हुआ
दूसरे पक्ष की शिकायत के मुताबिक, केलू चावड़ा ने कुल्हाड़ी से दिनेश के सिर और भौंह के पास वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद पत्थरबाजी भी हुई, जिसमें कई लोग घायल हुए।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। मामले में नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
[metaslider id="122"]