साईंखेड़ा को मिली शिक्षा की ऐतिहासिक सौगात, 37.22 करोड़ की लागत से बने जिले के प्रथम सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय का लोकार्पण

[metaslider id="122"]

साईंखेड़ा। साईंखेड़ा एवं आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक रहा। प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा नरसिंहपुर जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत एवं परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने 37.22 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जिले के प्रथम सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में सांसद दर्शन सिंह चौधरी, मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य साधना स्थापक, पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी, कलेक्टर रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय केवल एक शैक्षणिक भवन नहीं, बल्कि ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने वाला आधुनिक शिक्षा केंद्र है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी महानगरों जैसी गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो।

उन्होंने अपने छात्र जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले संसाधनों की कमी के कारण बच्चे टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ाई करते थे, लेकिन आज प्रदेश सरकार शासकीय विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर मन लगाकर अध्ययन करने और कठिन परिश्रम से अपने परिवार, जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय की स्थापना क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। अब विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय निजी विद्यालयों के समान आधुनिक सुविधाओं से युक्त है और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगा। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बारछी पहुंच मार्ग का भूमिपूजन भी किया।

सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि नरसिंहपुर जिला शिक्षा के क्षेत्र में हमेशा अग्रणी रहा है। सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय जैसी आधुनिक संस्थाएं विद्यार्थियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित विद्यालय

करीब 11,772 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्मित इस विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। विद्यालय में 48 स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक ई-लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, स्टेम लैब, साइंस लैब, मैथ्स लैब, वोकेशनल लैब, भौतिकी, रसायन एवं जीव विज्ञान की अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, 360 सीटों वाला बहुउद्देशीय सभागार, कला एवं शिल्प कक्ष, डांस एवं म्यूजिक रूम, काउंसलिंग कक्ष, मिड-डे मील किचन सहित सभी आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

विद्यालय परिसर में वॉलीबॉल एवं बास्केटबॉल कोर्ट, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, फायर सेफ्टी सिस्टम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, 200 केवीए ट्रांसफार्मर, डीजी सेट, स्ट्रीट लाइटिंग, बस पार्किंग एवं दिव्यांगजनों के लिए रैम्प जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण

कार्यक्रम के अंत में नवनिर्मित विद्यालय परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, मंत्री उदय प्रताप सिंह, सांसद दर्शन सिंह चौधरी एवं अन्य अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक नरेश पाठक, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति सचिन अग्रवाल, गाडरवारा नगर पालिका अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा, मिनेंद्र डागा, ठाकुर राजीव सिंह, गोविंद सिंह पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।लोकेशन,–साईखेड़ा नरसिंहपुररिपोर्टर-कैलाश नारायण सेवक

[metaslider id="122"]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights