डेंगू-चिकुनगुनिया रोकथाम के लिए होगा स्वास्थ्य एवं नगर निगम का संयुक्त अभियान

रिक्त भू-खण्ड पर जलभराव एवं सार्वजनिक क्षेत्रों पर लार्वा पाए जाने पर होगा जुर्माना

भोपाल जिले में डेंगू, चिकुनगुनिया एवं मलेरिया के प्रकरणों को नियंत्रित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग, जिला मलेरिया कार्यालय भोपाल एवं नगर निगम भोपाल द्वारा संयुक्त अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में राज्य कार्यक्रम अधिकारी, वेक्टर बोर्न डिजीज कंट्रोल प्रोग्राम डॉ. हिमांशु जायसवार एवं डिप्टी कमिश्नर, नगर निगम भोपाल श्री हिरेंद्र कुशवाहा ने उपस्थित समस्त नगर निगम के कर्मचारियों एवं जोनल अधिकारियों को निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि लार्वा सर्वे एवं एंटी लार्वा गतिविधियों को बढ़ाया जाए। सभी टीमें आपसी समन्वय से कार्य करें। शहर में डेंगू रोग के हॉटस्पॉट क्षेत्रों एवं सार्वजनिक क्षेत्रों विशेषकर हाट बाजारों, निर्माणाधीन स्थलों एवं मेगा प्रोजेक्ट जैसे मेट्रो, रोड़ निर्माण, ब्रिज इत्यादि के साथ-साथ पी.डब्ल्यू.डी. के कार्यस्थलों, मैरिज गार्डन तथा कंस्ट्रक्शन साइट पर विशेष सर्वे करें। समस्त वार्डों में निर्धारित समय में फॉगिंग की जाये। समुदाय बैठक करें एवं उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक सप्ताह “ड्राई डे” मनाया जाएगा। इसमें घरों में रखे पानी के बर्तनों को खाली कर सुखाया जाएगा। रहवासी कल्याण समितियों एवं सोसायटियों के साथ बैठक कर जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी।
जिले के तालाबों एवं गड्ढों को चिन्हित कर उनमें ऑयल बॉल्स डाली जाएंगी। डिप्टी कमिश्नर श्री कुशवाहा ने कहा कि जलभराव वाले स्थानों पर पहले समझाइश दी जाएगी तथा इसके बाद भी सुधार न होने पर नगर निगम द्वारा स्पॉट फाइन एवं चालानी कार्रवाई की जाएगी। विभिन्न क्षेत्रों में रखें हुये पुराने कंडम वाहनों एवं अनुपयोगी पानी की टंकीयों का भी निरीक्षण करते हुये भी प्रयास करें कि इनमें पानी एकत्रित न हो। रसायनों का उपयोग भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार ही किया जाए। संक्रमित क्षेत्रों में थर्मल फॉगिंग को प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में जिला मलेरिया अधिकारी श्रीमती स्मृता नामदेव ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से जिले की गतिविधियों की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार व्यक्त जिला सलाहकार मलेरिया श्रीमती रुचि सिलाकारी ने किया। इस अवसर पर राज्य स्तर से डॉ. संतोष भार्गव एवं श्री राहुल नेमा स्टेट कंसल्टेंट सहित मलेरिया विभाग के समस्त जोन सुपरवाइजर तथा नगर निगम के सभी स्वास्थ्य अधिकारी एवं जोन अधिकारी उपस्थित रहे। विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे अपने घरों एवं आसपास पानी जमा न होने दें। बुखार आने पर लक्षण के आधार पर तुरंत नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों में जाकर रक्त जांच कराएं।
CM Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#Bhopal
