केकड़ी 23 मार्च (पवन राठी )
नाइलिट अजमेर द्वारा दिनांक 21 एवं 22 मार्च 2026 को प्रथम वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस दो दिवसीय खेल आयोजन में विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह, ऊर्जा एवं खेल भावना के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे परिसर में खेलों को लेकर जोश, उमंग एवं प्रतिस्पर्धात्मक माहौल देखने को मिला।
इस आयोजन को सफल बनाने हेतु नाइलिट अजमेर के जूनियर फैकल्टी श्री भरत भूषण ने आयोजन समिति का नेतृत्व किया तथा उनके मार्गदर्शन में समस्त कार्यक्रम का सुव्यवस्थित एवं सफल संचालन किया गया।
इस खेलकूद प्रतियोगिता में कुल पाँच खेलों — क्रिकेट, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज एवं वॉलीबॉल — का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताएँ अत्यंत रोमांचक रहीं और प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
क्रिकेट प्रतियोगिता में बी.टेक तृतीय सह द्वितीय वर्ष की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि बी.टेक प्रथम वर्ष की टीम उपविजेता रही।
टेबल टेनिस प्रतियोगिता में बी.टेक द्वितीय वर्ष के चेतन्य शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा हेमंत चौधरी ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
शतरंज प्रतियोगिता में बी.टेक प्रथम वर्ष के सुप्रतिक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि एम.टेक प्रथम वर्ष के रवि रंजन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
बैडमिंटन (बालक वर्ग) प्रतियोगिता में बी.टेक प्रथम वर्ष के अभिषेक ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनके बाद बी.टेक तृतीय वर्ष के सुरेश सोनी द्वितीय स्थान पर रहे।
बैडमिंटन (बालिका वर्ग) में बी.टेक द्वितीय वर्ष की छात्रा सिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बी.टेक प्रथम वर्ष की छात्रा संतोष द्वितीय स्थान पर रहीं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के उत्साह और खेल भावना ने कार्यक्रम को अत्यंत सफल बनाया। आयोजन के सफल संचालन में सभी प्रतिभागियों, आयोजकों एवं सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
संस्थान परिवार द्वारा इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाले प्रायोजकों का विशेष आभार व्यक्त किया गया, जिनमें बालाजी स्टेशनर्स, एम्ब्रोसिया डाइन, रतन इलेक्ट्रिक एंड मशीनरी, धनलक्ष्मी इलेक्ट्रॉनिक्स, महावीर स्वीट्स, पंवार शूज़, श्री देव फ्लेक्स एंड एलईडी बोर्ड्स तथा हाड़ा स्पोर्ट्स शामिल हैं।
नाइलिट अजमेर भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन कर विद्यार्थियों में खेल भावना, टीमवर्क एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।


